गोवा की एआई, सेमीकंडक्टर से जुड़े उद्योगों के लिए एक उभरता हुआ केंद्र बनने की योजना
गोवा की एआई, सेमीकंडक्टर से जुड़े उद्योगों के लिए एक उभरता हुआ केंद्र बनने की योजना
पणजी, 16 फरवरी (भाषा) गोवा के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रोहन खुंटे ने सोमवार को कहा कि राज्य अब कृत्रिम मेधा (एआई), अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी अनुसंधान और सेमीकंडक्टर से जुड़े उद्योगों के लिए एक उभरता हुआ केंद्र बनने की तैयारी में है। उन्होंने यह बात नयी दिल्ली में आयोजित केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी इंडिया एआई मिशन की शुरुआत के बीच कही है।
केंद्र सरकार इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट आयोजित कर रही है, जिसमें दुनिया भर की कंपनियों के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ), नीति निर्माता और उद्योग जगत के दिग्गज हिस्सा ले रहे हैं।
यह पांच दिन का सम्मेलन भारत में एआई मिशन के तहत हो रहा है, जिसके लिए 1,000 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।
गोवा के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रोहन खुंटे ने इस मिशन को सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के लिए भी बड़ी घोषणा बताया।
उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में भागीदारी यह दर्शाती है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के दृष्टिकोण के तहत भारत उभरती प्रौद्योगिकियों में नेतृत्व कर रहा है।
मंत्री ने कहा, “15 लाख की आबादी वाले गोवा में शोध और नवाचार के लिए सही माहौल है। हम 2027 तक गोवा एआई मिशन बनाने की तैयारी कर रहे हैं, जिसमें उद्योग, अकादमी और सरकार मिलकर नीतियां बनाएंगे और क्षमता विकसित करेंगे।”
भाषा योगेश रमण
रमण

Facebook


