गोवा ने 30,195 करोड़ रुपये का बजट पेश, राजस्व अधिशेष 1,666 करोड़ रुपये
गोवा ने 30,195 करोड़ रुपये का बजट पेश, राजस्व अधिशेष 1,666 करोड़ रुपये
पणजी, छह मार्च (भाषा) गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 30,195 करोड़ रुपये के परिव्यय और 1,666 करोड़ रुपये के राजस्व अधिशेष वाला बजट पेश किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तटीय राज्य को केंद्र सरकार के सहयोग से महत्वपूर्ण लाभ मिला है। वित्त वर्ष 2026-27 के लिए राज्य का सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) 1.31 लाख करोड़ रुपये और प्रति व्यक्ति जीएसडीपी 8.18 लाख रुपये अनुमानित है।
उन्होंने कहा कि केंद्र से मदद और सतर्क वित्तीय प्रबंधन के कारण सरकार ने वित्तीय स्थिरता बनाए रखी है।
सावंत ने घोषणा की कि अनाथ बच्चों के लिए सरकारी नौकरियों में आरक्षण और शैक्षणिक संस्थानों में विशेष कोटा आरक्षित किया जाएगा। इस वित्त वर्ष में लगभग 2,500 पद कर्मचारी चयन आयोग (एसएसटी) के माध्यम से भरे जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना से संबंधित गतिविधियों के तहत एक से 15 अप्रैल तक स्वयं-गणना और 16 अप्रैल से 15 मई तक गृह-सूचीकरण किया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘सरकार एक अकादमिक उत्कृष्टता योजना शुरू करेगी जिसके तहत चयनित छात्रों को आईआईटी और राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान जैसे संस्थानों में अनुसंधान के अवसर और इंटर्नशिप दी जाएगी।
उन्होंने अपने बजट भाषण में कहा कि सरकार स्कूली बच्चों के लिए चरणबद्ध तरीके से नई ‘बालरथ’ बसें चलाएगी, जबकि 25 साल से अधिक समय से संचालित आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक कॉलेजों को अनुदान प्रदान किया जाएगा।
सरकार काकोरा सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में ड्रोन रिमोट पायलट प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करेगी, जहां ड्रोन पायलट के लिए लाइसेंस दिए जाएंगे।
भाषा
योगेश अजय
अजय

Facebook


