गोदरेज का मुंबई में 6,000 करोड़ की परियोजना के लिए संयुक्त उद्यम करार

गोदरेज का मुंबई में 6,000 करोड़ की परियोजना के लिए संयुक्त उद्यम करार

गोदरेज का मुंबई में 6,000 करोड़ की परियोजना के लिए संयुक्त उद्यम करार
Modified Date: September 28, 2026 / 01:01 pm IST
Published Date: September 28, 2026 1:01 pm IST

नयी दिल्ली, 28 सितंबर (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड अपनी विस्तार योजना के तहत मुंबई में 2.5 एकड़ में फैली लक्जरी आवासीय परियोजना का संयुक्त रूप से विकास करेगी। इस परियोजना से करीब 6,000 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने की संभावना है।

कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि उसने दक्षिण मुंबई के मरीन लाइंस में करीब 2.5 एकड़ के प्रमुख भूखंड के लिए ‘‘विकास समझौता’’ किया है।

गोदरेज प्रॉपर्टीज इस भूखंड पर लक्जरी आवासीय परियोजना विकसित करेगी, जिससे ‘‘कुल मिलाकर करीब 6,000 करोड़ रुपये का अनुमानित राजस्व’’ मिलने की संभावना है।

गोदरेज प्रॉपर्टीज के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) गौरव पांडे ने कहा, ‘‘मुंबई हमारे लिए लगातार एक प्रमुख बाजार बना हुआ है और शहर में हमारी प्रीमियम एवं लक्जरी परियोजनाओं को लगातार अच्छी प्रतिक्रिया मिली है।’’

मैन इंफ्राकंस्ट्रक्शन लिमिटेड (एमआईसीएल) ने अलग बयान में बताया कि उसने इस आगामी परियोजना के लिए गोदरेज प्रॉपर्टीज के साथ साझेदारी की है।

एमआईसीएल और श्रीपति समूह के पास संयुक्त रूप से मौजूद विकास अधिकार अब गोदरेज प्रॉपर्टीज को हस्तांतरित कर दिए गए हैं। एमआईसीएल का गोदरेज प्रॉपर्टीज के साथ राजस्व साझा करने का समझौता है।

एमआईसीएल समूह के प्रबंध निदेशक मनन शाह ने कहा, ‘‘दक्षिण मुंबई की मरीन लाइंस परियोजना हमेशा से हमारे खंड में सबसे प्रतिष्ठित अवसरों में से एक रही है। गोदरेज के साथ हुए इस लेनदेन से परियोजना की पूरी क्षमता का इस्तेमाल हो सकेगा। ’’

संपत्ति सलाहकार ‘इंडिया सोथबीज इंटरनेशनल रियल्टी’ और रियल एस्टेट डेटा एनालिटिक्स कंपनी ‘सीआरई मैट्रिक्स’ के अनुसार, मुंबई में 10 करोड़ रुपये या इससे अधिक कीमत वाले लक्जरी मकानों की बिक्री इस साल की पहली छमाही में 12 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 18,512 करोड़ रुपये हो गई। इसमें बिक्री की मात्रा बढ़ने के साथ कीमतों में वृद्धि का भी योगदान रहा।

गोदरेज प्रॉपर्टीज देश की प्रमुख रियल एस्टेट कंपनियों में से एक है। भाषा निहारिका

निहारिका


लेखक के बारे में