सोना 3,300 रुपये टूटा, तीन दिन में आई 4,700 रुपये की गिरावट

सोना 3,300 रुपये टूटा, तीन दिन में आई 4,700 रुपये की गिरावट

सोना 3,300 रुपये टूटा, तीन दिन में आई 4,700 रुपये की गिरावट
Modified Date: August 28, 2026 / 07:33 pm IST
Published Date: August 28, 2026 7:33 pm IST

नयी दिल्ली, 28 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत शुक्रवार को 3,300 रुपये टूटकर 1.62 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। अमेरिकी डॉलर में मजबूती और कारोबारियों की मुनाफावसूली से सोने में लगातार तीसरे सत्र में गिरावट रही।

स्थानीय कारोबारियों ने कहा कि 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 3,300 रुपये की गिरावट के साथ 1,62,400 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) रह गया।

बृहस्पतिवार को इसका भाव 1,65,700 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा था।

यह सर्राफा बाजार में सोने की गिरावट का लगातार तीसरा सत्र रहा। इन तीन दिनों में सोने में कुल 4,700 रुपये यानी करीब तीन प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है। सोना 25 अगस्त को 1,67,100 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर रहा था।

सोने की तरह चांदी भी घरेलू बाजार में 5,000 रुपये गिरकर 2,45,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रह गई। पिछले सत्र में इसका भाव 2,50,500 रुपये प्रति किलोग्राम था।

एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष एवं शोध विश्लेषक (जिंस एवं मुद्रा) जतिन त्रिवेदी ने कहा कि पिछले कुछ हफ्तों की तेजी के बाद अमेरिकी डॉलर के 99.15 के स्तर से ऊपर मजबूत होने और कारोबारियों की लगातार तीसरे सत्र में मुनाफावसूली करने से सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव रहा।

कीमती धातुओं की तस्करी बढ़ने के बीच केंद्र सरकार द्वारा सीमा शुल्क में कटौती किए जाने की खबरों का भी घरेलू सर्राफा बाजार पर दबाव रहा।

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के जिंस विश्लेषक मानव मोदी ने कहा कि बढ़ती तस्करी के बीच सीमा शुल्क में कटौती की अटकलों से सोने की घरेलू कीमतों पर दबाव पड़ा और अंतरराष्ट्रीय बाजारों के मुकाबले अंतर बढ़ गया।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना मामूली गिरावट के साथ 4,599.70 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।

मिराए एसेट शेयरखान के जिंस प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि निवेशक जैक्सन होल संगोष्ठी में अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन केविन वार्श के भाषण का इंतजार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ऊंचे बॉन्ड प्रतिफल के बीच वार्श को महंगाई संबंधी चिंताओं को दूर करना होगा। बाजार में उनके भाषण से नीतिगत रुख कड़ा रहने की आशंका है। अगर वह निवेशकों को आश्वस्त नहीं कर पाते हैं तो डॉलर पर दबाव आ सकता है।

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी ने सोने के उलट रुख अपनाया और 1.51 प्रतिशत बढ़कर 70.31 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

भाषा प्रेम प्रेम रमण

रमण


लेखक के बारे में