कमजोर वैश्विक संकेतों, रुपये में मजबूती से सोने में 900 रुपये की गिरावट
कमजोर वैश्विक संकेतों, रुपये में मजबूती से सोने में 900 रुपये की गिरावट
नयी दिल्ली, तीन अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को रुपये की मजबूती और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सुस्त हलचल के कारण सोने की कीमतें 900 रुपये गिरकर 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गईं।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 900 रुपये टूटकर 1,47,400 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) रह गई। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 1,48,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय बाजार में सुस्त हलचल और भारतीय रुपये के मजबूत होने के कारण सोमवार को सोने की कीमतें एक सीमित दायरे में रहीं।’’
हालांकि, चांदी की कीमत शुक्रवार के 2,24,700 रुपये प्रति किलोग्राम के बंद स्तर से 1,800 रुपये बढ़कर 2,26,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) हो गई।
लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध प्रमुख गौरव गर्ग ने कहा, ‘‘सोमवार के सत्र में चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी हुई क्योंकि कमजोर डॉलर और तेल की कीमतों में नरमी से कीमती धातुओं के प्रति निवेशकों का भरोसा बढ़ा, जिससे लिवाली बढ़ गई।’’
गांधी ने कहा कि नई खरीदारी को लेकर कम दिलचस्पी और अहम अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों से पहले निवेशकों के सतर्क रुख ने सोने की बढ़त को सीमित कर दिया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना मामूली बढ़त के साथ 4,048.89 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी मामूली बढ़त के साथ 57.97 डॉलर प्रति औंस हो गई।
कोटक सिक्योरिटीज की जिंस शोध विभाग की सहायक उपाध्यक्ष कायनात चेनवाला ने कहा, ‘‘सोमवार को कीमती धातुओं में मजबूती दिखी। हाजिर कीमतें मामूली बढ़त के साथ 4,050 डॉलर प्रति औंस के करीब और चांदी 58 डॉलर के करीब रही। ट्रंप द्वारा ईरान के खिलाफ नए हमले रोकने के बाद भू-राजनीतिक तनाव कम होने और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से इन्हें समर्थन मिला।’’
मिराए एसेट शेयरखान में जिंस विभाग के प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि तेल की कीमतों में पांच प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट के बावजूद सोने में ज्यादा हलचल नहीं है, क्योंकि इस हफ्ते कई अहम आंकड़े आने वाले हैं।
भाषा राजेश राजेश प्रेम
प्रेम

Facebook


