सोने 1,500 रुपये मजबूत, चांदी ने लगाई 12,000 रुपये की छलांग

Ads

सोने 1,500 रुपये मजबूत, चांदी ने लगाई 12,000 रुपये की छलांग

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 06:52 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 06:52 PM IST

नयी दिल्ली, 12 मई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने की कीमतें 1,500 रुपये बढ़कर 1.56 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गईं, जबकि चांदी चार प्रतिशत से अधिक चढ़कर 2.77 लाख रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। इसकी मुख्य वजह डॉलर के मुकाबले रुपये में आई भारी गिरावट और लगातार जारी भू-राजनीतिक तनाव के बीच घरेलू बाजार में मजबूत रुझान का होना था।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत में 1,500 रुपये या लगभग एक प्रतिशत की वृद्धि हुई। यह सोमवार के बंद भाव 1,55,300 रुपये प्रति 10 ग्राम से बढ़कर 1,56,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गई।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस), सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘घरेलू बाजार में सोने का कारोबार बढ़त के साथ हुआ, जिसे कमजोर भारतीय रुपये और स्थिर बाजार रुझान से समर्थन मिला।’’

उन्होंने कहा कि मंगलवार को रुपया 35 पैसे लुढ़ककर डॉलर के मुकाबले अपने अब तक के सबसे निचले स्तर 95.63 (अस्थायी) पर आ गया, जिससे घरेलू सोने की कीमतों को लगातार मजबूत समर्थन मिलता रहा।

सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमतों में भी 12,000 रुपये या 4.53 प्रतिशत की वृद्धि हुई, और यह 2,77,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर पहुंच गई। पिछली कारोबारी सत्र में चांदी 2,65,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध विश्लेषक गौरव गर्ग ने कहा कि मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली, क्योंकि निवेशक अमेरिका और ईरान के बीच संबंधों की जटिल स्थिति को समझने की कोशिश कर रहे थे और साथ ही अमेरिका के प्रमुख मुद्रास्फीति आंकड़ों का इंतजार कर रहे थे।

इस बीच, विदेशी बाजारों में हाजिर सोना 42.33 डॉलर या एक प्रतिशत टूटकर 4,692.64 डॉलर प्रति औंस रह गया, जबकि चांदी 3.04 प्रतिशत टूटकर 83.49 डॉलर प्रति औंस रह गई।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय