बलिया में दहेज हत्या के आरोप में पति और जेठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Ads

बलिया में दहेज हत्या के आरोप में पति और जेठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज

  •  
  • Publish Date - July 15, 2026 / 12:21 PM IST,
    Updated On - July 15, 2026 / 12:21 PM IST

बलिया (उप्र), 15 जुलाई (भाषा) बलिया जिले के भीमपुरा थाना क्षेत्र में दहेज के लिए 22 वर्षीय विवाहिता की कथित रूप से गला दबाकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने उसके पति और जेठ के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, मऊ जिले के कोपागंज थाना क्षेत्र के लिलारी गांव के निवासी आशीष की तहरीर पर मंगलवार को भीमपुरा थाने में अवराई कला पाही गांव के विजेंद्र और विनोद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

दर्ज प्राथमिकी का हवाला देते हुए पुलिस ने बताया कि आशीष की बहन सुमन का विवाह पिछले वर्ष 16 जून को विजेंद्र के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही सुमन को उसका पति विजेंद्र और जेठ विनोद प्रताड़ित कर रहे थे।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि सात जुलाई को सुमन की गला दबाकर हत्या कर दी गई। शव का पोस्टमार्टम नौ जुलाई को कराया गया था।

रसड़ा क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक रजनीश ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

भाषा सं जफर मनीषा

मनीषा