मुंबई, 30 जून (भाषा) बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (इरडा) के चेयरमैन अजय सेठ ने मंगलवार को कहा कि केंद्र सरकार द्वारा बीमा क्षेत्र में 100 प्रतिशत प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) की अनुमति दिए जाने के बाद साधारण बीमा क्षेत्र में 100 प्रतिशत विदेशी स्वामित्व से जुड़े दो प्रस्तावों को मंजूरी दी है।
यहां जीवन बीमा परिषद की बीमा जागरूकता समिति द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि लंबे समय से प्रतीक्षित बीमा सुगम मंच को सितंबर के अंत तक शुरू कर दिया जाएगा।
सेठ ने प्रस्तावों का विवरण साझा किए बगैर कहा कि एफडीआई के प्रस्तावों में से एक को सोमवार को मंजूरी दी गई।
उन्होंने कहा कि साधारण बीमा क्षेत्र में बेहतर कारोबारी संभावनाओं के कारण विदेशी निवेशकों की रुचि बढ़ी है। इसके साथ ही जीवन बीमा क्षेत्र में भी विदेशी निवेशकों की दिलचस्पी दिखाई दे रही है। हाल ही में एक विदेशी कंपनी ने भारत में महत्वपूर्ण हिस्सेदारी के साथ कारोबार शुरू करने की इच्छा जताई है।
इरडा के चेयरमैन ने बताया कि भारत की स्थानीय कंपनियों के साथ संयुक्त उद्यम चला रहे कुछ मौजूदा विदेशी निवेशक भी अपनी हिस्सेदारी बढ़ाना चाहते हैं। ऐसे एक प्रस्ताव को मंजूरी दी जा चुकी है, जबकि एक अन्य प्रस्ताव अभी इरडा के पास विचाराधीन है।
भाषा यासिर अजय
अजय योगेश
योगेश