सरकार सुसंगत डेटा बुनियादी ढांचा तैयार करने के लिए उठा रही कदम: सांख्यिकी सचिव

Ads

सरकार सुसंगत डेटा बुनियादी ढांचा तैयार करने के लिए उठा रही कदम: सांख्यिकी सचिव

  •  
  • Publish Date - September 21, 2026 / 02:34 PM IST,
    Updated On - September 21, 2026 / 02:34 PM IST

नयी दिल्ली, 21 सितंबर (भाषा) सरकार एक सुसंगत डेटा बुनियादी ढांचा तैयार करने के लिए कदम उठा रही है, ताकि सूचनाओं को व्यवस्थित तरीके से खोजा, समझा, जोड़ा और उपयोग में लाया जा सके। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) के सचिव सौरभ गर्ग ने सोमवार को यह बात कही।

गर्ग यहां ऑल इंडिया मैनेजमेंट एसोसिएशन (एआईएमए) के 53वें राष्ट्रीय प्रबंधन सम्मेलन के एक सत्र को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि डेटा को व्यवस्थित रूप से खोजने, समझने, जोड़ने और उपयोग करने के लिए एक सुसंगत डेटा बुनियादी ढांचा बेहद जरूरी है। उन्होंने रेखांकित किया कि कई बार एक ही तरह के शब्दों के अलग-अलग अर्थ होते हैं।

गर्ग ने कहा कि इस तथ्य को देखते हुए कि डेटा कृत्रिम मेधा (एआई) के लिए कच्चा माल है, केंद्र और राज्य सरकारें ऐसा ढांचा तैयार करने के लिए पांच-चरण वाली प्रक्रिया में शामिल हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने मंत्रालयों, विभागों और राज्यों में पांच चरण वाली प्रक्रिया शुरू की है। पहला कदम सरकारी डेटा को सुसंगत बनाना है, जिसके बाद अन्य पक्ष भी इसमें शामिल हो सकते हैं।’’

उन्होंने बताया कि इसका दूसरा कदम मेटाडेटा का रखरखाव करना है। तीसरा कदम विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में परिभाषाओं में एकरूपता लाना होगा। चौथा कदम विशिष्ट पहचानकर्ता को तैनात करना है, ताकि विभिन्न डेटा की आपस में तुलना की जा सके। सुसंगत डेटा बुनियादी ढांचे की दिशा में पांचवां कदम डेटा का उपयोग करते समय उसकी गुणवत्ता का मूल्यांकन करना है।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय