सरकार ने हाजिर नीलामी में यूरिया संयंत्रों के लिए अतिरिक्त गैस खरीदी
सरकार ने हाजिर नीलामी में यूरिया संयंत्रों के लिए अतिरिक्त गैस खरीदी
नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) सरकार ने उर्वरक संयंत्र में यूरिया उत्पादन बढ़ाने के लिए एक हाजिर बोली के ज़रिये अतिरिक्त प्राकृतिक गैस खरीदी है। ये संयंत्र पश्चिम एशिया संकट के बीच ईंधन की कमी के कारण अपनी क्षमता से काफी कम पर काम कर रहे थे। एक सरकारी अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि देश में उर्वरक संयंत्रों को पूरी क्षमता से काम करने के लिए रोज़ाना लगभग 5.2 करोड़ मानक घन मीटर (एमएमएससीएमडी) प्राकृतिक गैस की ज़रूरत होती है, लेकिन उन्हें सिर्फ़ लगभग 3.2 एमएमएससीएमडी गैस ही मिल रही थी, जिससे उनकी ज़रूरत का मुश्किल से 62 प्रतिशत ही पूरा हो पा रहा था। इसके चलते यूरिया उत्पादन में काफ़ी कमी आ रही थी।
इस समस्या को हल करने के लिए एक हाजिर नीलामी की गई, जिसमें संयंत्रों ने मिलकर 8.56 एमएमएससीएमडी अतिरिक्त गैस की मांग की। अधिकारी ने बताया कि बोली में 7.31 एमएमएससीएमडी गैस हासिल हुई, जिसकी आपूर्ति तुरंत 19 मार्च से 31 मार्च तक की जाएगी।
इस अतिरिक्त खरीद के साथ, उर्वरक संयंत्रों में कुल गैस की उपलब्धता बढ़कर लगभग 40 एमएमएससीएमडी हो गई है, जो पहले के आपूर्ति स्तर से लगभग 23 प्रतिशत ज़्यादा है।
अधिकारी ने आगे कहा कि अब संयंत्रों से अपनी स्थापित क्षमता के 78 से 80 प्रतिशत पर काम करने की उम्मीद है, जबकि पहले वे 62 प्रतिशत पर काम कर रहे थे।
अधिकारी ने बताया कि इस अतिरिक्त गैस के कारण इस महीने के आखिर तक यूरिया उत्पादन में रोज़ाना 12,500 से 13,000 टन की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
सरकारी अधिकारी ने इस कदम को सरकार द्वारा मांग और आपूर्ति के बीच के अंतर को पाटने और आने वाले खरीफ मौसम से पहले खेती के लिए ज़रूरी आवश्यक यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम बताया।
अमेरिका और इज़रायल ने फरवरी के आखिर में ईरान में कुछ ठिकानों पर सैन्य हमले किए थे। ईरान ने इसके जवाब में इज़रायल और उन देशों पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया, जहां अमेरिकी सेनाएं तैनात हैं। इन देशों में संयुक्त अरब अमीरात, कतर, कुवैत, बहरीन, इराक, जॉर्डन और सऊदी अरब शामिल हैं।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


