आईडीबीआई बैंक की रणनीतिक बिक्री के लिए वित्तीय बोलियों का मूल्यांकन कर रही सरकार: सूत्र

आईडीबीआई बैंक की रणनीतिक बिक्री के लिए वित्तीय बोलियों का मूल्यांकन कर रही सरकार: सूत्र

आईडीबीआई बैंक की रणनीतिक बिक्री के लिए वित्तीय बोलियों का मूल्यांकन कर रही सरकार: सूत्र
Modified Date: September 25, 2026 / 12:39 pm IST
Published Date: September 25, 2026 12:39 pm IST

नयी दिल्ली, 25 सितंबर (भाषा) सरकार आईडीबीआई बैंक में रणनीतिक हिस्सेदारी बेचने के लिए मिली वित्तीय बोलियों का मूल्यांकन कर रही है और यह प्रक्रिया स्थिर गति से आगे बढ़ रही है। सरकारी सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों ने पहले बताया था कि अरबपति निवेशक प्रेम वत्स समर्थित फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स और दुबई स्थित एमिरेट्स एनबीडी ने जुलाई में आईडीबीआई बैंक में 60.72 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए अपनी संशोधित बोलियां जमा की थीं।

सूत्रों ने आगे का विवरण साझा किए बिना कहा कि आईडीबीआई बैंक के रणनीतिक विनिवेश की प्रक्रिया स्थिर गति से आगे बढ़ रही है। सरकार इच्छुक निवेशकों द्वारा प्रस्तुत वित्तीय बोलियों का मूल्यांकन कर रही है।

दोनों बोलीदाताओं के पास भारतीय बैंकिंग क्षेत्र का अनुभव है। दुबई स्थित एमिरेट्स एनबीडी ने इस साल की शुरुआत में आरबीएल बैंक में बहुलांश हिस्सेदारी का अधिग्रहण किया था, जबकि फेयरफैक्स फाइनेंशियल के पास निजी क्षेत्र के सीएसबी बैंक में 40 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

बोलीदाताओं को गृह मंत्रालय से सुरक्षा मंजूरी और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) से ‘उपयुक्त एवं उचित’ का मूल्यांकन पहले ही मिल चुकी है।

यह दूसरा मौका है जब इच्छुक बोलीदाताओं ने आईडीबीआई बैंक में हिस्सेदारी खरीदने के लिए वित्तीय बोलियां लगाई हैं। सरकार और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) मिलकर इस बैंक में अपनी 60.72 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने की तैयारी में हैं।

भाषा पाण्डेय

पाण्डेय


लेखक के बारे में