ई-रिक्शा को दूर से बंद करने वाले ऐप पर सरकार सख्त, दो ऐप हटाए गए
ई-रिक्शा को दूर से बंद करने वाले ऐप पर सरकार सख्त, दो ऐप हटाए गए
नयी दिल्ली, तीन जुलाई (भाषा) चीन के स्मार्टफोन ऐप बैट-बीएमएस के जरिये ई-रिक्शा को दूर से (रिमोट) बंद किए जाने की खबरों के बीच सरकार ने शुक्रवार को कहा कि उसे दो ऐसे ऐप की जानकारी मिली जिन्हें ऐप स्टोर से हटा दिया गया है।
सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) सचिव एस. कृष्णन ने कहा कि ऐप स्टोर को आवश्यक सतर्कता बरतनी चाहिए। सरकार इस मुद्दे को ऐप स्टोर के समक्ष उठाएगी, ताकि संभावित रूप से नुकसान पहुंचाने वाले ऐप उपलब्ध न हों।
भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के साइबर सुरक्षा सम्मेलन से इतर संवाददाताओं से बातचीत के दौरान मामले में कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कृष्णन ने कहा, ‘‘यह सही है…हमें ऐसे दो ऐप की जानकारी मिली और दोनों को ऐप स्टोर से हटा दिया गया है।’’
यह मामला बृहस्पतिवार को उन खबरों के बाद चर्चा में आया, जिनमें कुछ ई-रिक्शा को चीन के स्मार्टफोन ऐप ‘बैट-बीएमएस’ के ‘रिमोट शटडाउन’ फीचर के जरिये बंद किए जाने का दावा किया गया था।
इसके वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट से जुड़ी वाहन प्रबंधन प्रणालियों की साइबर सुरक्षा को लेकर व्यापक चिंता पैदा हो गई।
भाषा निहारिका वैभव
वैभव

Facebook


