गुजरात 2030 तक 1,000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने को तैयार: मुख्यमंत्री
गुजरात 2030 तक 1,000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने को तैयार: मुख्यमंत्री
अहमदाबाद, 20 मार्च (भाषा) गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जिस विकास पथ की परिकल्पना की है, उस पर चलते हुए राज्य 2030 तक 1,000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की तैयारी कर रहा है।
पटेल ने यहां भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) गुजरात के वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए उद्योगों को सभी जरूरी सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि देश की कुल आबादी का केवल पांच प्रतिशत होने के बावजूद, भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में गुजरात का योगदान आठ प्रतिशत है और लक्ष्य इसे 10 प्रतिशत से ऊपर ले जाने का है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जिस विकास पथ की परिकल्पना की है, उसका अनुसरण करते हुए गुजरात 2030 तक 1,000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की तैयारी कर रहा है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए राज्य सरकार उद्योगों को हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।”
उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था में गुजरात एक प्रमुख भूमिका निभाता है, जो कुल विनिर्माण उत्पादन में 17 प्रतिशत और राष्ट्रीय निर्यात में लगभग 33 प्रतिशत का योगदान देता है।
पटेल ने जानकारी दी, ”राज्य के एमएसएमई क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जो 2001-02 में 1.85 लाख इकाइयों से बढ़कर अब 27.9 लाख हो गया है। गुजरात देश के कुल कार्गो का 40 प्रतिशत हिस्सा भी संभालता है। इसके क्षेत्रवार योगदान में रसायन निर्यात में 33 प्रतिशत, दवा निर्यात में 19.2 प्रतिशत और हीरा निर्यात में 80 प्रतिशत हिस्सेदारी शामिल है।”
भाषा पाण्डेय रमण
रमण

Facebook


