गुलशन ग्रुप नोएडा में ताज ब्रांड के होटल और अपार्टमेंट बनाएगा, 1000 करोड़ रुपये का होगा निवेश
गुलशन ग्रुप नोएडा में ताज ब्रांड के होटल और अपार्टमेंट बनाएगा, 1000 करोड़ रुपये का होगा निवेश
नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी गुलशन ग्रुप ने बुधवार को कहा कि वह अपनी विस्तार योजना के तहत नोएडा में ताज ब्रांड का एक होटल और सर्विस अपार्टमेंट के विकास पर 1,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
कंपनी ने नोएडा एक्सप्रेसवे से सटे सेक्टर 129 में स्थित परियोजना के प्रबंधन के लिए देश की सबसे बड़ी होटल कंपनी इंडियन होटल्स कंपनी (आईएचसीएल) के साथ समझौता किया है। इस परियोजना में 150 कमरों वाला एक लक्जरी होटल, 74 अपार्टमेंट और एक पेंटहाउस शामिल हैं।
गुलशन ग्रुप के संस्थापक गुलशन नागपाल ने कहा, ‘‘हम इस परियोजना को विकसित करने के लिए 1,000 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे।… इसका निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और यह परियोजना पांच वर्षों में पूरी हो जाएगी।’’
यह ताज ब्रांड का सबसे ऊंचा और उत्तर प्रदेश के नोएडा में पहला होटल होगा। भारत में यह ताज ब्रांड के तहत संचालित दूसरी आवासीय परियोजना भी है।
आईएचसीएल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी पुनीत चटवाल ने कहा, “बढ़ती समृद्धि के कारण शहरी केंद्रों में ब्रांडेड आवास सहित लक्जरी उत्पादों एवं सेवाओं की मांग बढ़ रही है। आज ताज होटल और ब्रांडेड आवास वाली ऐतिहासिक परियोजना की पेशकश राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में लक्जरी का नया मानक स्थापित करेगा।’
दिल्ली-एनसीआर की अग्रणी रियल एस्टेट कंपनियों में शामिल गुलशन ग्रुप ने अब तक 10 से अधिक आवासीय और वाणिज्यिक परियोजनाएं विकसित की हैं।
भाषा रमण प्रेम
प्रेम

Facebook


