हरियाणा के मुख्यमंत्री ने प्रमुख क्षेत्रों में निवेश के अवसर तलाशने के लिए निवेशकों को आमंत्रित किया

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने प्रमुख क्षेत्रों में निवेश के अवसर तलाशने के लिए निवेशकों को आमंत्रित किया

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने प्रमुख क्षेत्रों में निवेश के अवसर तलाशने के लिए निवेशकों को आमंत्रित किया
Modified Date: April 11, 2026 / 06:35 pm IST
Published Date: April 11, 2026 6:35 pm IST

चंडीगढ़, 11 अप्रैल (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को उद्योगपतियों और निवेशकों से राज्य में खाद्य प्रसंस्करण, लॉजिस्टिक, इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) और अन्य उभरते क्षेत्रों में निवेश के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।

सैनी ने ‘टाईकॉन चंडीगढ़ शिखर सम्मेलन 2026’ में 12 देशों और 27 राज्यों से आए उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने सरल प्रक्रियाओं, डिजिटल प्रशासन और पारदर्शी व्यवस्था के जरिए उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया है, जिससे कारोबार करना आसान हुआ है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र तेजी से बढ़ रहा है और करीब 28,000 इकाइयां पहले से संचालित हैं, जबकि इस क्षेत्र में अभी भी काफी संभावनाएं मौजूद हैं।

लॉजिस्टिक क्षेत्र का उल्लेख करते हुए सैनी ने कहा कि हरियाणा देश में तीसरे और उत्तर भारत में पहले स्थान पर है। राज्य का लगभग 57 प्रतिशत भौगोलिक क्षेत्र राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में आता है, जिससे यह एक महत्वपूर्ण लॉजिस्टिक केंद्र बन गया है।

मुख्यमंत्री ने इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र में निवेश को भी बढ़ावा देने की अपील की और कहा कि इसके लिए प्रगतिशील नीतियां, प्रोत्साहन और बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि गुरुग्राम, फरीदाबाद, पंचकूला और हिसार जैसे शहर सूचना प्रौद्योगिकी, कृषि-प्रौद्योगिकी, वित्तीय प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य-प्रौद्योगिकी और विनिर्माण क्षेत्रों में स्टार्टअप केंद्र के रूप में उभर रहे हैं।

भाषा पाण्डेय

पाण्डेय


लेखक के बारे में