एचसीएलटेक ने कर्मचारी डेटा उजागर होने के दावे पर कहा, प्रणाली में सेंध लगने का सबूत नहीं
एचसीएलटेक ने कर्मचारी डेटा उजागर होने के दावे पर कहा, प्रणाली में सेंध लगने का सबूत नहीं
नयी दिल्ली, 11 अगस्त (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी एचसीएल टेक्नोलॉजीज (एचसीएलटेक) ने कहा है कि कर्मचारियों से जुड़ा कुछ डेटा संभावित रूप से उजागर होने के बारे में हैकर समूह के दावों की शुरुआती जांच में संकेत मिला है कि यह जानकारी सीमित और कुछ वर्ष पुरानी हो सकती है।
इसके साथ ही कंपनी ने कहा कि उसकी अपनी प्रणाली या किसी ग्राहक के साथ उसके कामकाज में सेंध लगाने का कोई सबूत नहीं मिला है।
हालांकि, कंपनी ने कहा कि वह मामले की आगे जांच कर रही है और इस संबंध में कोई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने पर उसकी जानकारी दी जाएगी।
एचसीएलटेक ने सोमवार देर शाम बीएसई को दी सूचना में कहा, “हैकर समूह द्वारा एचसीएलटेक के कर्मचारियों से संबंधित सीमित आंकड़ों के संभावित रूप से उजागर होने के दावों के संबंध में कुछ मीडिया रिपोर्ट सामने आई हैं। कंपनी की शुरुआती जांच से पता चला है कि ये आंकड़े सीमित और कुछ वर्ष पुराने हो सकते हैं।”
कंपनी ने कहा कि उसकी प्रणाली या किसी ग्राहक के साथ उसके कामकाज में सेंध लगाए जाने का कोई सबूत नहीं मिला है।
एचसीएलटेक ने साइबर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कहा कि वह उसे सौंपी गई जानकारी की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
इससे पहले, देश की अग्रणी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने भी सोमवार को कहा था कि उसे कर्मचारियों की कुछ जानकारी के संभावित रूप से उजागर होने के दावों संबंधी खतरे की चेतावनी मिली थीं। हालांकि, जांच के बाद उसे अपनी प्रणाली या ग्राहकों के तंत्र में सेंध का कोई विश्वसनीय सबूत नहीं मिला है।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय

Facebook


