स्कूटर, ईवी जैसे कम उपस्थिति वाले क्षेत्रों में पहुंच बढ़ाएगी हीरो मोटोकॉर्प

स्कूटर, ईवी जैसे कम उपस्थिति वाले क्षेत्रों में पहुंच बढ़ाएगी हीरो मोटोकॉर्प

स्कूटर, ईवी जैसे कम उपस्थिति वाले क्षेत्रों में पहुंच बढ़ाएगी हीरो मोटोकॉर्प
Modified Date: February 15, 2026 / 10:51 am IST
Published Date: February 15, 2026 10:51 am IST

नयी दिल्ली, 15 फरवरी (भाषा) देश की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन विनिर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प ने स्कूटर, प्रीमियम बाइक और इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) जैसे उन क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी मजबूत करने का लक्ष्य रखा है, जहां फिलहाल इसकी हिस्सेदारी कम है। कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हर्षवर्धन चितले ने यह जानकारी दी।

कंपनी को अंतरराष्ट्रीय बाजारों के साथ-साथ कलपुर्जों और सहायक उपकरण के कारोबार में भी विस्तार की उम्मीद है।

विश्लेषकों के साथ बातचीत में चितले ने कहा, ‘‘हीरो मोटोकॉर्प की टीम के तौर पर हमें अपनी बिक्री की संख्या में बढ़त पर गर्व है। हालांकि, हम उन अन्य श्रेणियों में मौजूद अवसरों के प्रति भी पूरी तरह जागरूक हैं जो तेजी से बढ़ रही हैं और जहां हमारी उपस्थिति तुलनात्मक रूप से कम है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए हमें स्कूटर, प्रीमियम मोटरसाइकिल, वैश्विक बाजार, ईवी और विशेष रूप से कलपुर्जों और एक्सेसरीज कारोबार में विकास और बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने की बड़ी गुंजाइश दिखती है।’’

दिसंबर तिमाही में कंपनी ने 12,487 करोड़ रुपये का राजस्व और 1,275 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया है। कंपनी ने बताया कि चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में उसने 16.97 लाख मोटरसाइकिल और स्कूटर बेचे, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही के 14.64 लाख इकाई की तुलना में 16 प्रतिशत अधिक है।

कंपनी के मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) विवेक आनंद ने कहा कि अगले कुछ वर्षों में कंपनी अपने विकास लक्ष्यों को तेजी से पूरा करने पर ध्यान केंद्रित करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि हमारी आपूर्ति श्रृंखला जुझारू और मजबूत बनी रहे। उद्योग को कलपुर्जों के संकट और भू-राजनीतिक मुद्दों के कारण जिन बाधाओं का सामना करना पड़ा है, वे अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुए हैं। एक कंपनी के रूप में हम इन परिस्थितियों से अच्छी तरह निपटे हैं, लेकिन हमें हमेशा तैयार रहने की जरूरत है।’’

आनंद ने कहा कि कंपनी प्रीमियम स्कूटर, ईवी पोर्टफोलियो, वैश्विक व्यापार और ‘हीरो 2.0’ व ‘प्रीमिया’ के माध्यम से स्टोर में ग्राहक सेवा को बेहतर बनाने में निवेश जारी रखेगी।

भाषा सुमित अजय

अजय


लेखक के बारे में