हिंदुस्तान कॉपर महत्वपूर्ण खनिज क्षेत्र में रणनीतिक प्रवेश के लिए पूरी तरह तैयार
हिंदुस्तान कॉपर महत्वपूर्ण खनिज क्षेत्र में रणनीतिक प्रवेश के लिए पूरी तरह तैयार
नयी दिल्ली, छह फरवरी (भाषा) हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) ने कहा है कि वह कठोर चट्टान खनन (हार्ड रॉक माइनिंग) और खनिज को लाभदायक बनाने (बेनिफिसिएशन) में अपनी विशेषज्ञता का लाभ उठाते हुए महत्वपूर्ण खनिज क्षेत्र में रणनीतिक प्रवेश करने के लिए मजबूत स्थिति में है।
यह कदम देश की तकनीकी और आर्थिक प्राथमिकताओं में महत्वपूर्ण योगदान देगा। हिंदुस्तान कॉपर ने एक बयान में कहा, ‘‘कठोर चट्टान खनन और खनिज को लाभदायक बनाने में अपनी प्रमाणित विशेषज्ञता का लाभ उठाते हुए, एचसीएल महत्वपूर्ण खनिज क्षेत्र में रणनीतिक प्रवेश करने और देश की तकनीकी एवं आर्थिक प्राथमिकताओं में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए पूरी तरह तैयार है।’’
सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी देश के हरित ऊर्जा बदलाव का समर्थन करने और आयात पर निर्भरता कम करने के लिए महत्वपूर्ण खनिजों की खोज और विकास में आक्रामक रूप से विस्तार कर रही है।
एचसीएल ने महत्वपूर्ण खनिजों (तांबा, निकल, कोबाल्ट) और दुर्लभ मृदा तत्वों (दुर्लभ पृथ्वी घटक) की खोज, खनन और विकास के लिए ऑयल इंडिया लिमिटेड और कोल इंडिया लिमिटेड जैसे सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के साथ कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं।
कंपनी ने उच्च राजस्व के दम पर दिसंबर तिमाही में एकीकृत लाभ के दोगुना होकर 156.30 करोड़ रुपये तक पहुंचने की सूचना दी। कंपनी ने पिछले साल की इसी अवधि में 62.87 करोड़ रुपये का एकीकृत लाभ दर्ज किया था।
अक्टूबर-दिसंबर तिमाही के दौरान कंपनी का एकीकृत राजस्व पिछले साल की समान तिमाही के 327.77 करोड़ रुपये के मुकाबले बढ़कर 687.34 करोड़ रुपये हो गया।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय

Facebook


