हिंदुस्तान यूनिलीवर विभिन्न श्रेणियों में चरणबद्ध तरीके से दाम बढ़ाएगी
हिंदुस्तान यूनिलीवर विभिन्न श्रेणियों में चरणबद्ध तरीके से दाम बढ़ाएगी
नयी दिल्ली, 28 जुलाई (भाषा) हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (एचयूएल) सितंबर तिमाही में कई उत्पाद श्रेणियों में मूल्य वृद्धि कर सकती है। कंपनी के शीर्ष प्रबंधन ने मंगलवार को यह बात कही। कंपनी का अनुमान है कि अप्रैल-जून, 2026 के मुकाबले चालू तिमाही में कीमतों में दो से पांच प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है।
विविध क्षेत्रों में कार्यरत रोजमर्रा की जरूरत का सामान बनाने वाली इस प्रमुख कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में कीमतों में 2-5 प्रतिशत की वृद्धि की थी।
एचयूएल की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक प्रिया नायर ने तिमाही नतीजों के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कंपनी मात्रा आधारित वृद्धि को सुरक्षित रखते हुए चालू तिमाही में ”संतुलित और चरणबद्ध” रूप से मूल्य निर्धारण कार्रवाई जारी रखेगी।
उन्होंने कहा, ”कुल मिलाकर, हम देख रहे हैं कि स्थिति लगातार अस्थिर बनी हुई है। चाहे वह पश्चिम एशिया का संकट हो, या फिर मानसून और अल नीनो का प्रभाव… हम नजर बनाए हुए हैं।”
नायर ने कहा कि कंपनी को सितंबर तिमाही में क्रमिक रूप से मुद्रास्फीति बढ़ने की उम्मीद है।
हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि एचयूएल की प्राथमिकता मात्रा आधारित वृद्धि ही बनी हुई है। उन्होंने कहा, ”हम मात्रा आधारित राजस्व वृद्धि पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। वह हमारी प्राथमिकता बनी रहेगी।”
एचयूएल के मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) निरंजन गुप्ता ने कहा कि कंपनी ने जून तिमाही में मूल्य निर्धारण के जरिये केवल आधी मुद्रास्फीति का ही बोझ ग्राहकों पर डाला था।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय

Facebook


