एचएनजीआईएल ने ‘बीरा 91’ को चूक का नोटिस जारी किया, एनसीएलटी जाने की तैयारी
एचएनजीआईएल ने 'बीरा 91' को चूक का नोटिस जारी किया, एनसीएलटी जाने की तैयारी
नयी दिल्ली, 30 अगस्त (भाषा) हिंदुस्तान नेशनल ग्लास एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड (एचएनजीआईएल) ने ‘बीरा 91’ ब्रांड की बीयर बनाने वाली कंपनी बी9 बेवरेजेज लिमिटेड को भुगतान में चूक का (डिफॉल्ट) नोटिस भेजा है। कंपनी कर्ज में डूबी इस शराब विनिर्माता को दिवाला न्यायाधिकरण एनसीएलटी में ले जाने की योजना बना रही है।
कंटेनर ग्लास बनाने वाली कंपनी एचएनजीआईएल ने दिवाला एवं ऋणशोधन अक्षमता संहिता (आईबीसी) की धारा आठ के तहत यह नोटिस जारी किया है, जो कॉरपोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया (सीआईआरपी) शुरू करने के लिए आवेदन दाखिल करने से पहले एक अनिवार्य कदम है।
नोटिस में दावा किया गया है कि बी9 बेवरेजेज लिमिटेड की परिचालन ऋणदाता एचएनजीआईएल ने भुगतान में चूक किया। इसमें पक्के खरीद ऑर्डर के तहत तैयार की गई लेकिन कथित तौर पर बी9 बेवरेजेज द्वारा नहीं उठाई गई कांच की बोतलों के लिए 11.77 करोड़ रुपये वसूली की मांग की गई है।
एचएनजीआईएल के मुख्य रणनीति अधिकारी (सीएसओ) सूरज मेहता ने कहा, ”हम पुष्टि करते हैं कि कुछ वाणिज्यिक और संविदात्मक मुद्दों के संबंध में इस साल की शुरुआत में भेजे गए कानूनी नोटिस के बाद बीरा 91 को आईबीसी के तहत एक मांग नोटिस जारी किया गया है। हमारी स्थिति नोटिस में स्पष्ट है और हम समाधान के लिए तैयार हैं।”
पिछले महीने, बीरा 91 के संस्थापक अंकुर जैन अपने परिवार के सदस्यों के साथ कंपनी के ऋणदाताओं और निवेशकों के साथ समझौता करने के बाद मूल कंपनी बी9 बेवरेजेज लिमिटेड के निदेशक मंडल और सभी कार्यकारी पदों से हट गए थे, जिससे कंपनी में लंबे समय से चला आ रहा वित्तीय संकट समाप्त हो गया था।
भाषा पाण्डेय योगेश
योगेश

Facebook


