हुडको का ऋण पोर्टफोलियो चालू वित्त वर्ष में दो लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार करेगा : सीएमडी
हुडको का ऋण पोर्टफोलियो चालू वित्त वर्ष में दो लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार करेगा : सीएमडी
नयी दिल्ली, नौ अगस्त (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र के अवसंरचना वित्तपोषण संस्थान हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (हुडको) को मजबूत मांग के चलते चालू वित्त वर्ष में अपने ऋण पोर्टफोलियो के दो लाख करोड़ के आंकड़े को पार करने की उम्मीद है।
कंपनी की परिसंपत्तियों के विस्तार को वित्तपोषित करने के लिए वित्त वर्ष 2026-27 में घरेलू और विदेशी बाजारों से कुल ₹75,000 करोड़ जुटाने की योजना है।
हुडको के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) संजय कुलश्रेष्ठ ने पीटीआई-भाषा के साथ बातचीत में कहा कि इसमें से करीब ₹20,000 करोड़ रुपये की राशि पहली तिमाही में जुटाई जा चुकी है, जबकि शेष ₹55,000 करोड़ रुपये अगली तीन तिमाहियों में जुटाए जाएंगे।
घरेलू बाजार से धन जुटाने के तहत कंपनी ‘कैपिटल गेन’ बॉन्ड के जरिये ₹1,000 करोड़ तक जुटाने की योजना बना रही है। इसके अलावा धन जुटाने के लिए गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर (एनसीडी) और अन्य माध्यमों का भी इस्तेमाल किया जाएगा।
सरकार ने पिछले वर्ष हुडको को 54ईसी कैपिटल गेन बॉन्ड जारी करने की अनुमति दी थी। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में इन बॉन्ड के जरिये करीब ₹120 करोड़ जुटाए थे। ये बॉन्ड आयकर अधिनियम, 1961 के तहत दीर्घकालिक पूंजीगत लाभ कर में बचत का विकल्प प्रदान करते हैं।
कंपनी के ऋण वितरण की बात करें, तो हुडको ने पूरे वित्त वर्ष में ₹65,000 करोड़ के कर्ज वितरण का लक्ष्य रखा है। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी ने अब तक का सबसे अधिक ₹16,377 करोड़ का तिमाही ऋण वितरण किया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के ₹12,812 करोड़ से 28 प्रतिशत अधिक है।
कुलश्रेष्ठ ने कहा कि वित्त वर्ष के दौरान कंपनी का ऋण पोर्टफोलियो दो लाख करोड़ से अधिक हो जाना चाहिए। वित्त वर्ष 2025-26 के अंत में यह ₹1.62 लाख करोड़ था।
भाषा अजय अजय
अजय

Facebook


