नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) रोजमर्रा के उपभोग का सामान (एफएमसीजी) बनाने वाली प्रमुख कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (एचयूएल) में स्थायी कर्मचारियों की संख्या वित्त वर्ष 2025-26 में 10.7 प्रतिशत घटकर 5,898 रह गई। कंपनी की ताजा वार्षिक रिपोर्ट से यह जानकारी मिली है।
कंपनी के अनुसार, 31 मार्च, 2025 तक उसके पास 6,604 स्थायी कर्मचारी थे। एचयूएल वर्तमान में सौंदर्य और कल्याण तथा घरेलू देखभाल वाले तरल पदार्थों जैसे तेजी से बढ़ती प्रीमियम श्रेणियों में विनिर्माण क्षमता का विस्तार करने के लिए 2,000 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है।
एचयूएल ने कहा, ‘‘31 मार्च, 2026 तक कंपनी में 5,898 स्थायी कर्मचारी हैं।”
वित्त वर्ष के दौरान कर्मचारियों के औसत वेतन में 6.08 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
इसके अलावा, एचयूएल ने कहा कि वह अधिक न्यायसंगत और समावेशी कार्यस्थल बनाने की दिशा में प्रयास कर रही है और उसने इसमें सार्थक प्रगति हासिल की है।
एचयूएल ने कहा, ‘‘प्रबंधकीय कार्यबल में महिलाओं की हिस्सेदारी वर्तमान में 44 प्रतिशत है तथा इसे और मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है।’’
कंपनी ने कहा, ‘‘आज हमारे विनिर्माण परिचालन में 1,400 महिलाएं कार्यरत हैं, जबकि बिक्री भूमिकाओं में 1,500 से अधिक महिलाओं को शामिल किया गया है।’’
भाषा यासिर अजय
अजय