अमरावती, तीन जून (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को कहा कि राज्य का लक्ष्य योगांध्र-2026 अभियान में एक करोड़ लोगों को शामिल करना है।
यह अभियान अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले योग को जन स्वास्थ्य आंदोलन के रूप में बढ़ावा देने के लिए है।
नायडू ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि योग भारत द्वारा विश्व को दिया गया एक अनमोल जीवन-मार्ग है और तनाव, चिंता एवं जीवनशैली से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं का कारगर उपाय है।
नायडू ने कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य योगांध्र-2026 में एक करोड़ लोगों को शामिल करना है। योग हर घर में दैनिक अभ्यास बनना चाहिए और एक स्वस्थ आंध्र प्रदेश के निर्माण के लिए शक्तिशाली आंदोलन के रूप में उभरना चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि योगांध्र-2026 का आयोजन राज्य भर में सात से 20 जून तक किया जाएगा, जिसमें जिलास्तरीय कार्यक्रम और अमरावती में एक बड़ा कार्यक्रम शामिल है। अमरावती के कार्यक्रम में 25,000 प्रतिभागियों द्वारा योगाभ्यास किया जाएगा।
भाषा अविनाश सुरेश
सुरेश