एचजेडएल ने विनिर्माण इकाई लगाने के लिए सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज से किया समझौता

Ads

एचजेडएल ने विनिर्माण इकाई लगाने के लिए सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज से किया समझौता

  •  
  • Publish Date - March 11, 2026 / 03:16 PM IST,
    Updated On - March 11, 2026 / 03:16 PM IST

नयी दिल्ली, 11 मार्च (भाषा) वेदांता लिमिटेड समूह की कंपनी हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड (एचजेडएल) ने अलौह धातु पुनर्चक्रण क्षेत्र की कंपनी सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के साथ राजस्थान के जस्ता पार्क में विनिर्माण इकाई स्थापित करने के लिए साझेदारी की है।

समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज जिंक पार्क में एक विनिर्माण संयंत्र स्थापित करेगी, जहां उच्च गुणवत्ता एवं कम उत्सर्जन वाले जस्ता मिश्रधातु (जिंक अलॉय) का उत्पादन किया जाएगा।

ये मिश्रधातुएं मोटर वाहनों, बुनियादी ढांचा, ‘डाई-कास्टिंग’ और उपभोक्ता वस्तुओं जैसे उद्योगों के लिए महत्वपूर्ण हैं।

एचजेडएल ने बयान में कहा कि यह परियोजना जस्ता के मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देगी। साथ ही टिकाऊ धातु प्रसंस्करण को प्रोत्साहित करते हुए औद्योगिक सामग्रियों में देश की आत्मनिर्भरता को मजबूत करेगी।

राजस्थान के जस्ता पार्क के लिए यह दूसरी बड़ी साझेदारी है। इससे पहले हिंदुस्तान जिंक ने त्रिपुरा ग्रुप के साथ भी एक समझौता किया था।

हिंदुस्तान जिंक के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अरुण मिश्रा ने कहा, ‘‘ जस्ता पार्क औद्योगिक विकास, स्थानीय विनिर्माण एवं जस्ता आधारित अनुप्रयोगों के माध्यम से स्थिरता को बढ़ावा देने की एक रणनीतिक पहल है। गैर-लौह धातु पुनर्चक्रण और मिश्रधातु उत्पादन में उनकी विशेषज्ञता भविष्य के लिए तैयार एवं नवाचार-आधारित जस्ता परिवेश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।’’

भाषा निहारिका रमण

रमण