उप्र: अजय राय अस्पताल में भर्ती, प्रधानमंत्री व राहुल ने शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की

Ads

उप्र: अजय राय अस्पताल में भर्ती, प्रधानमंत्री व राहुल ने शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की

  •  
  • Publish Date - May 2, 2026 / 12:08 PM IST,
    Updated On - May 2, 2026 / 12:08 PM IST

लखनऊ, दो मई (भाषा) उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद लखनऊ के मेदांता अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राय के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

मेदांता अस्पताल के निदेशक डॉ. राकेश कपूर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि राय शुक्रवार शाम करीब छह बजे अपने आवास पर अचानक बेहोश हो गए थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल लाया गया।

कपूर ने बताया कि चिकित्सकीय परीक्षण में पता चला है कि राय के शरीर में सोडियम की कमी हो गई थी और उनका रक्तचाप भी बढ़ा हुआ था।

उन्होंने बताया कि चिकित्सकों ने उन्हें तुरंत उपचार दिया, जिसके बाद उनकी स्थिति में सुधार है।

अस्पताल के निदेशक ने बताया कि चिकित्सकों की एक टीम उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखे हुए है और फिलहाल राय होश में हैं, बातचीत कर रहे हैं तथा हालत स्थिर है।

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने शनिवार को कहा, “शरीर में सोडियम का स्तर कम होने के कारण अजय राय को शुक्रवार शाम लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह लखनऊ स्थित अपने आवास पर बेहोश हो गए थे। पूरे दिन वह पार्टी के कार्यक्रमों में व्यस्त रहे और हवाई अड्डे भी गए थे।”

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रभारी अविनाश पांडे ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “अब उनकी (अजय राय की) हालत स्थिर है और मैं भी लखनऊ पहुंच रहा हूं।’’

वाराणसी में अजय राय की पत्नी रीना राय ने कहा, ‘‘बाबा विश्वनाथ की असीम कृपा और आशीर्वाद से उनकी (अजय राय की) तबीयत में काफी सुधार है और वह पहले से बहुत बेहतर हैं।’’

कांग्रेस की वाराणसी महानगर इकाई के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने दावा किया कि राय की तबीयत में सुधार है और आज शाम तक अपने गृह जिले वाराणसी आ सकते हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय जी के अस्वस्थ होने का समाचार प्राप्त हुआ है। मैं उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय जी के अस्वस्थ होने के समाचार से चिंतित हूं। मैं उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। आशा है कि वह जल्द से जल्द स्वस्थ हों और फिर से पूरी शक्ति के साथ जन सेवा में सक्रिय हों।’’

वाराणसी निवासी राय ने पिछले तीन आम चुनावों-2014, 2019 और 2024 में वाराणसी लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें जीत हासिल नहीं हुई।

भाषा सं जफर खारी

खारी