तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम में लेखा प्रणाली में सुधार के लिए रिपोर्ट तैयार करेगा आईसीएआई
तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम में लेखा प्रणाली में सुधार के लिए रिपोर्ट तैयार करेगा आईसीएआई
नयी दिल्ली, 26 जून (भाषा) देश के चार्टर्ड अकाउंटेंट का शीर्ष निकाय भारतीय सनदी लेखाकार संस्थान (आईसीएआई) ने कहा है कि वह तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) की लेखा प्रणाली में सुधार के उपायों पर एक रिपोर्ट तैयार करेगा।
आईसीएआई के अध्यक्ष प्रसन्न कुमार डी ने शुक्रवार को कहा कि संस्थान नवीनतम आवश्यकताओं के अनुरूप टीटीडी के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश भी तैयार करेगी।
उन्होंने कहा, ‘अकाउंटिंग रिसर्च फाउंडेशन द्वारा प्रारंभिक अध्ययन शुरू कर दिया गया है। हमें उम्मीद है कि 100 दिनों के भीतर अध्ययन पूरा कर रिपोर्ट सौंप दी जाएगी।’
कुमार ने कहा कि अध्ययन में दान संग्रह, भुगतान, बही खाता सहित लेखा प्रणाली के सभी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए टीटीडी ने ही आईसीएआई से संपर्क किया था।
आंध्र प्रदेश के तिरुपति स्थित श्री वेंकटेश्वर मंदिर का प्रबंधन करने वाले टीटीडी को दुनिया का सबसे समृद्ध हिंदू मंदिर निकाय माना जाता है।
आईसीएआई अध्यक्ष ने कहा, ‘इस परियोजना का मूल उद्देश्य मौजूदा लेखा प्रणाली को और बेहतर बनाना है। टीटीडी के पास पहले से ही मजबूत लेखा प्रणाली है और उसका पूरा काम ‘उद्यम संसाधन नियोजन’ (ईआरपी) प्रणाली पर संचालित होता है। अब वह इसे और आधुनिक बनाना चाहता है क्योंकि मौजूदा प्रणाली पुरानी हो चुकी है।’
भाषा योगेश रमण
रमण

Facebook


