नयी दिल्ली, 29 अप्रैल (भाषा) आईआईएफएल फाइनेंस का एकीकृत शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में दोगुना से अधिक होकर 623 करोड़ रुपये रहा। मुख्य रूप से ब्याज से होने वाली आय में बढ़ोतरी और परिसंपत्तियों की गुणवत्ता में सुधार के कारण कंपनी का लाभ बढ़ा है।
कंपनी ने पिछले साल इसी तिमाही में 251 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाया था।
आईआईएफएल फाइनेंस ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि जनवरी-मार्च 2026 के दौरान उसकी कुल एकीकृत आय बढ़कर 3,700 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह 2,594 करोड़ रुपये थी।
आईआईएफएल फाइनेंस की ब्याज से होने वाली आय आलोच्य तिमाही में बढ़कर 3,330 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह 2,483 करोड़ रुपये थी।
इस तिमाही के दौरान, सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) घटकर 1.46 प्रतिशत रही जबकि मार्च 2025 में यह 2.2 प्रतिशत थी
साथ ही, शुद्ध एनपीए भी पिछले साल की चौथी तिमाही के आखिर के एक प्रतिशत से घटकर 0.73 प्रतिशत रहा।
कंपनी ने बताया कि पूरे वित्तवर्ष 2025-26 में, उसका मुनाफा बढ़कर 1,817 करोड़ रुपये हो गया जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 578 करोड़ रुपये था।
वित्तवर्ष के दौरान कुल आय बढ़कर 13,374 करोड़ रुपये हो गई, जबकि एक साल पहले यह 10,237 करोड़ रुपये थी।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण