भारत में एआई-आधारित खेती को बढ़ावा देने के लिए आईआईटी-रोपड़ और सिंजेंटा के बीच समझौता
भारत में एआई-आधारित खेती को बढ़ावा देने के लिए आईआईटी-रोपड़ और सिंजेंटा के बीच समझौता
नयी दिल्ली, 15 जून (भाषा) पंजाब स्थित आईआईटी रोपड़ ने सोमवार को कहा कि उसके ‘उत्कृष्टता केन्द्र’ अन्नम.एआई और अमेरिकी कृषि व्यवसाय कंपनी, सिंजेंटा ने भारत में एआई-आधारित जलवायु-स्मार्ट खेती को आगे बढ़ाने के लिए एक रणनीतिक सहयोग किया है।
इसका मकसद फसल की सेहत और कीटों के बारे में सटीक अनुमान लगाने और गर्मी के दबाव से जुड़ा मॉडल विकसित करना है। साथ ही, एआई-आधारित ऐसे फैसले लेने में मदद करने वाले समाधान तैयार करना है, जिनसे किसान खेती से जुड़े ज्यादा जानकारीपूर्ण, मजबूत और डेटा-आधारित फैसले ले सकें।
फ्रांस के नीस में ‘भारत इनोवेट्स 2026’ के दौरान एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
सिंजेंटा ग्रुप के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) जेफ रोवे ने एक बयान में कहा, ‘‘अन्नम.एआई भारतीय खेती के लिए एक क्रांतिकारी, डिजिटल आधार बनाने में योगदान देने का एक अनूठा मौका देती है, जिससे देश के 60 करोड़ से ज्यादा लोगों को फायदा होगा।’’
आईआईटी रोपड़ के निदेशक राजीव आहूजा ने कहा कि अन्नम.एआई और सिंजेंटा के बीच यह सहयोग अगली पीढ़ी की कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने में उद्योग और अकादमिक (उद्योग और शिक्षण संस्थानों) की साझेदारी के महत्व को और दिखाता है।
‘भारत इनोवेट्स 2026’ कार्यक्रम में अन्नम.एआई खेती के लिए अपने एआई पारिस्थिकी तंत्र का प्रदर्शन कर रहा है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


