विड़िण्गम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह पर 18 अगस्त से शुरू होगा माल का आयात-निर्यात

Ads

विड़िण्गम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह पर 18 अगस्त से शुरू होगा माल का आयात-निर्यात

  •  
  • Publish Date - July 25, 2026 / 01:56 PM IST,
    Updated On - July 25, 2026 / 01:56 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 25 जुलाई (भाषा) केरल में स्थित विड़िण्गम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह को विदेशों के साथ सामान का आयात और निर्यात शुरू करने के लिए सीमा शुल्क विभाग की मंजूरी मिल गई है।

बंदरगाह की संचालक कंपनी विड़िण्गम इंटरनेशनल सी-पोर्ट लिमिटेड (वीआईएसएल) ने शनिवार को एक बयान में कहा कि केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) ने बंदरगाह को 18 अगस्त से आधिकारिक तौर पर निर्यात-आयात कार्गो परिचालन शुरू करने की अंतिम मंजूरी दे दी है।

सीबीआईसी के 24 जुलाई को जारी आदेश के मुताबिक, तिरुवनंतपुरम के पास स्थित विड़िण्गम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह अब तक केवल अंतरराष्ट्रीय पारवहन केंद्र के रूप में कार्य कर रहा था, लेकिन 18 अगस्त, 2026 से यहां माल के निर्यात-आयात का परिचालन भी शुरू हो जाएगा।

वर्तमान में बंदरगाह से संबद्ध कोई निर्धारित कंटेनर फ्रेट स्टेशन (सीएफएस) नहीं होने के कारण सीबीआईसी ने निर्यात-आयात कार्गो के प्रबंधन के लिए कई शर्तें निर्धारित की हैं।

कंटेनर फ्रेट स्टेशन बंदरगाह के पास स्थित एक ऐसा केंद्र होता है, जहां आयात और निर्यात होने वाले कंटेनरों में रखे सामान की जांच, पैकिंग, खोलने, दोबारा भरने और सीमा शुल्क से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी की जाती हैं।

इसके तहत आयात परिचालन केवल प्रत्यक्ष बंदरगाह आपूर्ति के लिए पात्र पूर्ण कंटेनर भार वाले कंटेनरों तक सीमित रहेगा। ऐसे कंटेनरों को बंदरगाह पर पहुंचने के 48 घंटे के भीतर सीधे आयातक के परिसर तक पहुंचाना होगा।

भाषा योगेश प्रेम

प्रेम