भारत और ईएईयू सीमित अंतरिम व्यापार समझौते पर कर रहे हैं चर्चा: रूसी मंत्री
भारत और ईएईयू सीमित अंतरिम व्यापार समझौते पर कर रहे हैं चर्चा: रूसी मंत्री
मॉस्को, 30 मई (भाषा) भारत और यूरेशियन आर्थिक संघ (ईएईयू) एक प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के तहत कुछ चुनिंदा सामानों के लिए सीमित और अस्थायी व्यापार व्यवस्था पर चर्चा कर रहे हैं।
रूस की सरकारी समाचार एजेंसी ‘तास’ की खबर के अनुसार, रूस के आर्थिक विकास मंत्री मैक्सिम रेशेतनिकोव ने यह जानकारी दी है।
उन्होंने शुक्रवार को एक टीवी कार्यक्रम को दिए साक्षात्कार में इस बातचीत को जटिल बताया।
समाचार एजेंसी ‘तास’ के मुताबिक, उन्होंने कहा, ‘भारत के साथ मामला थोड़ा अधिक जटिल है क्योंकि वहां की अर्थव्यवस्था काफी बड़ी है और दोनों पक्षों के आपसी हित भी उलझे हुए हैं। स्पष्ट कहें तो, भारतीय पक्ष की मांगें भी काफी महत्वाकांक्षी हैं।’
उन्होंने कहा, ‘यही कारण है कि हम वर्तमान में एक सीमित और अस्थायी मुक्त व्यापार क्षेत्र बनाने पर चर्चा कर रहे हैं, जो केवल उत्पाद समूहों द्वारा तय की गई वस्तुओं की एक विशेष सूची पर ही लागू होगा।’
रेशेतनिकोव की यह टिप्पणी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के उस बयान के कुछ ही घंटों बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत और ईएईयू के बीच व्यापार को उदार बनाने (कर और नियमों में ढील देने) की बातचीत ने रफ्तार पकड़ी है।
कजाकिस्तान की राजधानी अस्ताना में ‘सुप्रीम यूरेशियन इकोनॉमिक काउंसिल’ की बैठक में पुतिन ने कहा, ‘पिछले साल मंगोलिया, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और इंडोनेशिया के साथ व्यापार समझौते किए गए थे और इसी के साथ भारत के साथ भी व्यापार उदारीकरण पर बातचीत तेज की गई है।’
पुतिन ने कहा कि उनका आर्थिक संघ नए साझेदारों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों पर बातचीत शुरू करने का समर्थन करता है।
ईएईयू पांच देशों का एक आर्थिक संगठन है, जिसमें रूस, बेलारूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान और आर्मेनिया शामिल हैं। इसकी स्थापना साल 2015 में हुई थी। इसका मुख्य उद्देश्य इन देशों के बीच एक साझा बाजार बनाना, व्यापार के रास्ते की रुकावटों को हटाना और आर्थिक नीतियों में तालमेल बिठाना है।
भाषा योगेश रमण
रमण

Facebook


