भारत, फिनलैंड में कौशल विकास, कार्यबल आवाजाही में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा

भारत, फिनलैंड में कौशल विकास, कार्यबल आवाजाही में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा

भारत, फिनलैंड में कौशल विकास, कार्यबल आवाजाही में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा
Modified Date: March 5, 2026 / 04:44 pm IST
Published Date: March 5, 2026 4:44 pm IST

नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) भारत और फिनलैंड ने बृहस्पतिवार को कौशल विकास, व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षित कार्यबल की आवाजाही के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।

केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री जयंत चौधरी और फिनलैंड के रोजगार मंत्री मैतियास मार्टिनेन के बीच यह बातचीत फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब की भारत यात्रा के दौरान हुई है।

स्टब चार-दिवसीय दौरे पर भारत आए हुए हैं। इस यात्रा का उद्देश्य व्यापार, निवेश और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करना है।

कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘‘दोनों मंत्रियों ने प्रशिक्षण संस्थानों, उद्योग और शिक्षा प्रणालियों के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि व्यावसायिक शिक्षा को मजबूत किया जा सके और प्रशिक्षित युवाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय रोजगार के अवसर तैयार किए जा सकें।’’

इस दौरान चौधरी ने कहा कि भारत की युवा आबादी और फिनलैंड की प्रौद्योगिकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण में विशेषज्ञता, कौशल क्षेत्र में स्वाभाविक साझेदारी का आधार बनाती है।

मार्टिनेन ने कहा कि फिनलैंड विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत भारतीय पेशेवरों के योगदान की सराहना करता है और कौशल विकास के क्षेत्र में भारत के साथ सहयोग को आगे बढ़ाना चाहता है।

मंत्रालय ने बयान में कहा कि बैठक में स्वास्थ्य सेवा, निर्माण, हरित प्रौद्योगिकी और उन्नत विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में संभावित सहयोग पर भी चर्चा हुई। इसके साथ प्रशिक्षकों की क्षमता के निर्माण, भाषा प्रशिक्षण और व्यावसायिक प्रशिक्षण को अकादमिक शिक्षा से जोड़ने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

बैठक में दोनों पक्षों ने प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की पहचान के लिए संस्थागत साझेदारी और निरंतर संवाद जारी रखने पर सहमति व्यक्त की।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में