भारत उपभोक्ता प्रौद्योगिकी का अगला वैश्विक मंच बनने के लिए तैयार: नथिंग के सह-संस्थापक

भारत उपभोक्ता प्रौद्योगिकी का अगला वैश्विक मंच बनने के लिए तैयार: नथिंग के सह-संस्थापक

भारत उपभोक्ता प्रौद्योगिकी का अगला वैश्विक मंच बनने के लिए तैयार: नथिंग के सह-संस्थापक
Modified Date: March 9, 2026 / 03:09 pm IST
Published Date: March 9, 2026 3:09 pm IST

नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) स्मार्टफोन विनिर्माता कंपनी ‘नथिंग’ के सह-संस्थापक और भारतीय इकाई के प्रमुख अकिस इवांगेलिडिस ने कहा है कि बढ़ते विनिर्माण आधार और मजबूत आपूर्ति श्रृंखला के दम पर भारत उपभोक्ता प्रौद्योगिकी के अगले वैश्विक मंच के रूप में मजबूती से उभर रहा है।

उपभोक्ता प्रौद्योगिकी के क्षेत्र की ‘यूनिकॉर्न’ (एक अरब डॉलर से अधिक मूल्यांकन वाली कंपनी) और लंदन मुख्यालय वाली इस कंपनी ने हाल ही में बेंगलुरु में देश के अपने पहले ‘फ्लैगशिप स्टोर’ का उद्घाटन किया है। कंपनी का कहना है कि वह भारत में अत्यधिक तीव्र वृद्धि की राह पर अग्रसर है।

इवांगेलिडिस ने हाल ही में ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘यह यात्रा काफी चुनौतीपूर्ण रही है, लेकिन साथ ही बेहद फायदेमंद और रोमांचक भी रही है। भारत एक रणनीतिक बाजार है और हमारे उद्योग में वैश्विक स्तर पर भारत से काफी कुछ हो रहा है। हम निश्चित रूप से आने वाले समय में भारत को इसमें सबसे आगे देख रहे हैं।’’

भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा स्मार्टफोन बाजार है। सरकारी प्रोत्साहनों के तहत स्थानीय विनिर्माण और आपूर्ति श्रृंखला में विस्तार के कारण वैश्विक ब्रांड अब तेजी से भारत में अपने उपकरणों का उत्पादन कर रहे हैं।

इवांगेलिडिस ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में भारत ने खुद को एक विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए जो ठोस कार्य किया है और अब जिस तरह से आपूर्ति श्रृंखला तथा इलेक्ट्रॉनिक कलपुर्जों पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है, उससे उनका यह विश्वास और भी गहरा होता है कि उपभोक्ता प्रौद्योगिकी मामले में यह ‘अगला वैश्विक मंच’ बनने जा रहा है।

उन्होंने भारत के लिए राजस्व के अलग आंकड़ों का खुलासा नहीं किया, लेकिन बताया कि कंपनी ने पिछले दो वर्षों में 50 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की है। उन्होंने कहा, ‘…अगला बड़ा अवसर यहीं (भारत में) है।’

भाषा सुमित अजय

अजय


लेखक के बारे में