भारत, इजराइल के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर वार्ता का दूसरा दौर संपन्न

भारत, इजराइल के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर वार्ता का दूसरा दौर संपन्न

भारत, इजराइल के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर वार्ता का दूसरा दौर संपन्न
Modified Date: July 24, 2026 / 05:06 pm IST
Published Date: July 24, 2026 5:06 pm IST

नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) भारत और इजराइल के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर दूसरे दौर की वार्ता इस सप्ताह संपन्न हो गई। इसमें वस्तुओं एवं सेवाओं के व्यापार, उत्पत्ति के नियम, व्यापार में तकनीकी बाधाएं, बौद्धिक संपदा अधिकार, सीमा शुल्क प्रक्रियाओं और व्यापार सुगमता सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई। शुक्रवार को आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

यह वार्ता 20 से 23 जुलाई के बीच नयी दिल्ली में आयोजित की गई।

वाणिज्य मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘‘चर्चा रचनात्मक और भविष्योन्मुखी रही। दोनों पक्षों ने मतभेद कम करने और सहमति वाले क्षेत्रों की पहचान करने के उद्देश्य से विभिन्न तकनीकी विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।’’

मंत्रालय ने कहा कि भारत और इजराइल के बीच कई क्षेत्रों में परस्पर पूरकता है और प्रस्तावित एफटीए द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने तथा आर्थिक एकीकरण को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है।

बयान के अनुसार, इस दौर में दोनों देशों के तकनीकी विशेषज्ञों ने वस्तुओं और सेवाओं के व्यापार, उत्पत्ति के नियम, स्वच्छता एवं पादप स्वच्छता उपाय, व्यापार में तकनीकी बाधाएं, बौद्धिक संपदा अधिकार, सीमा शुल्क प्रक्रियाओं एवं व्यापार सुगमता, आर्थिक सहयोग तथा प्रस्तावित समझौते के अन्य अध्यायों पर अलग-अलग तकनीकी सत्र आयोजित किए।

बयान में कहा गया कि दोनों पक्ष संतुलित, व्यापक और पारस्परिक रूप से लाभकारी एफटीए को जल्द अंतिम रूप देने के लिए प्रतिबद्ध हैं जिससे दोनों देशों के बीच व्यापार एवं आर्थिक संबंधों को और मजबूती मिलेगी।

वित्त वर्ष 2025-26 में भारत और इजराइल के बीच कुल द्विपक्षीय वस्तु व्यापार 3.93 अरब अमेरिकी डॉलर रहा।

भाषा निहारिका रमण

रमण


लेखक के बारे में