भारत, इजराइल के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर अगले दौर की बातचीत मई में

भारत, इजराइल के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर अगले दौर की बातचीत मई में

भारत, इजराइल के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर अगले दौर की बातचीत मई में
Modified Date: February 26, 2026 / 07:29 pm IST
Published Date: February 26, 2026 7:29 pm IST

नयी दिल्ली, 26 फरवरी (भाषा) वाणिज्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत और इजराइल के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर अगले दौर की बातचीत मई में होगी।

दोनों पक्षों ने यहां चार दिवसीय बातचीत का पहला चरण पूरा किया।

मंत्रालय ने कहा कि दोनों देश वस्तुओं और सेवाओं के व्यापार, स्वच्छता और पादप-स्वच्छता उपायों, व्यापार में तकनीकी बाधाओं, सीमा शुल्क प्रक्रियाओं, बौद्धिक संपदा अधिकारों, डिजिटल व्यापार और अन्य महत्वपूर्ण अध्यायों सहित कई क्षेत्रों पर बातचीत कर रहे हैं।

दोनों पक्ष इस दौरान डिजिटल माध्यम से बातचीत जारी रखने पर भी सहमत हुए। आमने-सामने की वार्ता का अगला चरण मई, 2026 में इजराइल में होगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इजराइल की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा के दौरान, 25 फरवरी को यरुशलम में नेसेट (संसद) के विशेष पूर्ण सत्र को संबोधित करते हुए, दोनों देशों के बीच व्यापार की अपार संभावनाओं को साकार करने के लिए एक महत्वाकांक्षी एफटीए को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने का आह्वान किया।

दोनों पक्षों ने मशीनरी, रसायन, वस्त्र, कृषि, चिकित्सा उपकरण और उन्नत प्रौद्योगिकी सहित प्रमुख क्षेत्रों में मौजूद अपार संभावनाओं को चिन्हित किया है।

पिछले वर्ष नवंबर में, दोनों देशों ने समझौते के लिए औपचारिक रूप से बातचीत शुरू करने को नियम एवं शर्तों (टीओआर) पर हस्ताक्षर किए।

इस तरह के समझौतों में, दोनों पक्ष अपने बीच व्यापार वाली अधिकतम वस्तुओं पर आयात शुल्क में काफी कमी करते हैं या उसे समाप्त कर देते हैं।

इसके अलावा, वे सेवाओं और निवेश में व्यापार को बढ़ावा देने के लिए नियमों में ढील देते हैं।

भाषा रमण अजय

अजय


लेखक के बारे में