(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, आठ अप्रैल (भाषा) विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने द्विपक्षीय व्यापार को 500 अरब डॉलर तक पहुंचाने के लक्ष्य के साथ बुधवार को यहां ‘भारत-अमेरिका व्यापार सुगमता पोर्टल’ की शुरुआत की।
अमेरिका की तीन दिवसीय यात्रा पर आए मिस्री ने एक ऑनलाइन कार्यक्रम के दौरान इस पोर्टल की शुरुआत की। इस अवसर पर अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा सहित दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी और व्यापारिक प्रतिनिधि उपस्थित थे।
मिस्री ने कहा, ‘यह पोर्टल एक सेतु के रूप में कार्य करेगा जो निरंतरता सुनिश्चित करने के साथ-साथ मौजूदा आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करेगा। साथ ही, यह नए व्यावसायिक संबंधों को उभरने और बढ़ने में सक्षम बनाएगा।’
विदेश सचिव बुधवार से शुरू हुई अपनी इस यात्रा के दौरान अमेरिकी अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय व्यापार, रक्षा संबंधों की समीक्षा करेंगे और मध्य पूर्व के संकट सहित वैश्विक घटनाक्रमों पर चर्चा करेंगे।
मिस्री की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत और अमेरिका अपने रिश्तों में आए उतार-चढ़ाव और तनाव के बाद संबंधों को स्थिर करने की दिशा में काम कर रहे हैं।
पिछले वर्ष मई में भारत-पाकिस्तान सैन्य टकराव को कम करने में अपनी भूमिका को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विवादित दावों और वाशिंगटन द्वारा नयी दिल्ली पर दंडात्मक शुल्क लगाए जाने के बाद संबंधों में गिरावट देखी गई थी।
दोनों देशों ने फरवरी में आपसी रूप से लाभकारी व्यापार के संबंध में एक अंतरिम समझौते के ढांचे पर सहमति व्यक्त की थी।
भाषा सुमित पाण्डेय
पाण्डेय