भारत के मुक्त व्यापार समझौते युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोल रहे: मोदी
भारत के मुक्त व्यापार समझौते युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोल रहे: मोदी
नयी दिल्ली, 19 सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत ने विभिन्न देशों के साथ जो मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) किए हैं, वे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोल रहे हैं।
‘रोजगार मेला’ को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि भारतीय युवाओं की प्रतिभा और कौशल ने पूरी दुनिया का भरोसा जीता है तथा दुनिया को भारतीय नवोन्मेषकों, उद्यमियों और देश की युवा शक्ति से काफी उम्मीदें हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत ने 40 मुक्त व्यापार समझौते किए हैं। ये एफटीए हमारे युवाओं के लिए संभावनाओं के नए द्वार खोल रहे हैं। ऐसे व्यापार समझौते हमारे उद्यमियों के लिए नई साझेदारियों का रास्ता तैयार करते हैं, नए बाजारों तक पहुंच बनाते हैं और युवाओं के लिए करियर की नई संभावनाएं पैदा करते हैं।’’
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नियुक्त होने वाले नवचयनित युवाओं को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से 51,000 से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए।
हाल में संपन्न ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि भारत का प्रयास रहा है कि ब्रिक्स का सहयोग केवल सरकारों तक सीमित न रहे।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे उद्यमी, हमारे किसान, हमारी महिलाएं, हमारे युवा हर किसी को इस साझेदारी में सक्रिय भागीदार बनना चाहिए।’’
देश के स्टार्टअप परिवेश का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इसमें भारत की युवा शक्ति दिखाई देती है और स्टार्टअप परिवेश अब केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि अन्य शहरों में भी इसका विस्तार हुआ है।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप परिवेश है। भारत की स्टार्टअप की कहानी अब केवल बड़े शहरों की कहानी नहीं है। आज मान्यता प्राप्त करीब आधे स्टार्टअप दूसरी और तीसरी श्रेणी के शहरों में हैं।’’
मोदी ने कहा कि देश 2047 तक विकसित भारत बनाने के महत्वपूर्ण लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘इसमें आप जैसे युवाओं की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार में सेवा करते हुए आपको ऐसा हर फैसला लेना चाहिए जो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के अभियान को लगातार मजबूत करे। युवा होने के नाते आपकी विशेष जिम्मेदारी है, खासकर अन्य युवाओं के प्रति।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘नागरिक देवो भव:’ सार्वजनिक सेवा की मार्गदर्शक भावना होनी चाहिए।
देशभर में 45 स्थानों पर रोजगार मेले आयोजित किए गए।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, नवनियुक्त उम्मीदवार केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में शामिल होंगे। इनमें राजस्व विभाग, रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और रक्षा मंत्रालय शामिल हैं।
आधिकारिक बयान में कहा गया कि रोजगार मेला युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने तथा देश की विकास यात्रा में उनकी अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर सरकार के निरंतर ध्यान को दर्शाता है।
बयान के अनुसार, 20वें रोजगार मेले तक विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में 12.75 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।
भाषा योगेश पाण्डेय
पाण्डेय

Facebook


