आईफोन 18 की भारत में बिक्री शुरू, पहले दिन बिक्री 20-30 प्रतिशत अधिक रहने का अनुमान
आईफोन 18 की भारत में बिक्री शुरू, पहले दिन बिक्री 20-30 प्रतिशत अधिक रहने का अनुमान
नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) प्रौद्योगिकी कंपनी एप्पल की आईफोन 18 शृंखला की शुक्रवार को भारत में बिक्री शुरू होने के साथ ही दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और नोएडा समेत प्रमुख शहरों में एप्पल स्टोर के बाहर खरीदारों की कतारें देखी गईं।
एप्पल स्टोर से खरीदारी के शुरुआती आंकड़ों पर नजर रखने वाले सूत्रों और विश्लेषकों के मुताबिक, आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स की पहले दिन की बिक्री पिछले साल के मॉडल की तुलना में अधिक रहने का अनुमान है।
एक सूत्र ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘शुरुआती अनुमान है कि आईफोन 18 प्रो और प्रो मैक्स की पहले दिन की बिक्री आईफोन 17 प्रो और प्रो मैक्स की तुलना में 20-30 प्रतिशत अधिक है।’’
आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स की भारत में शुरुआती कीमत क्रमश: 1,64,900 रुपये और 1,79,900 रुपये है। दोनों मॉडल अलग-अलग स्टोरेज क्षमता में चार रंगों में उपलब्ध हैं।
दिल्ली में एक खरीदार ने कहा कि उसने अपने आईफोन 15 प्लस को बदलने के लिए आईफोन 18 प्रो मैक्स खरीदा है। उसने नए मॉडल के बेहतर फीचर और प्रदर्शन को इस फैसले का मुख्य कारण बताया।
दिल्ली निवासी मन्नत सिंह ने कहा कि वह आईफोन 18 प्रो मैक्स के बरगंडी रंग, नई ए20 चिप, एआई सुविधाओं और कैमरा फीचर से प्रभावित हुए। उन्होंने एप्पल के ब्रांड आकर्षण को भी खरीद का एक कारण बताया।
मुंबई में बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित एप्पल स्टोर के बाहर एक ग्राहक ने कहा कि वह पहले फोन खरीदारों में शामिल होने के लिए सूरत से आया था और स्टोर खुलने से करीब 10-12 घंटे पहले कतार में लग गया था।
इस ग्राहक ने कहा, ‘‘मैं बहुत उत्साहित हूं। मेरा लक्ष्य पहला फोन हासिल करना था और इसके लिए मैं यहां करीब 10 -12 घंटे से इंतजार कर रहा था। आखिरकार पहला फोन मेरे हाथ में है और मैं इसे लेकर बेहद खुश हूं।’’
दिल्ली और मुंबई के अलावा बेंगलुरु तथा नोएडा के एप्पल स्टोर पर भी बिक्री शुरू होने से पहले ही खरीदार पहुंच गए थे।
काउंटरपॉइंट रिसर्च के शोध निदेशक तरुण पाठक ने शुरुआती आंकड़ों के हवाले से कहा कि आईफोन 18 प्रो मॉडल की मांग आईफोन 17 प्रो की तुलना में 15-28 प्रतिशत अधिक है। बरगंडी रंग और अधिक स्टोरेज वाले मॉडल की अधिक मांग देखी जा रही है।
हालांकि, उन्होंने कहा कि नए आईफोन को लेकर शुरुआती उत्साह खत्म होने के बाद लंबी अवधि में मांग का आकलन करना होगा।
आईफोन 18 प्रो और प्रो मैक्स में एप्पल की नई पीढ़ी की चिप के साथ उन्नत कैमरा प्रणाली दी गई है। इनमें डिस्प्ले, प्रदर्शन और बैटरी से जुड़े सुधार भी किए गए हैं।
एप्पल ने नौ सितंबर को आईफोन 18 शृंखला पेश की थी। कंपनी ने 12 सितंबर से भारत समेत 65 देशों में इसकी प्री-बुकिंग शुरू कर दी थी।
भारत में एप्पल के लिए त्योहारी खरीदारी का आगामी मौसम महत्वपूर्ण है। इस दौरान स्मार्टफोन कंपनियां आमतौर पर प्रचार, वित्तपोषण योजनाओं और नए उपकरणों की उपलब्धता बढ़ाती हैं।
एप्पल ने इस बार फोल्डेबल स्मार्टफोन श्रेणी में भी कदम रखने की घोषणा की है। कंपनी का ‘आईफोन डुओ’ मॉडल भारत में 23 अक्टूबर से उपलब्ध होगा। इसकी कीमत 256 जीबी मॉडल के लिए 2,99,900 रुपये और 2 टीबी मॉडल के लिए 4,49,900 रुपये होगी।
भारत में एप्पल का कारोबार पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ा है। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का राजस्व 10 अरब डॉलर से अधिक रहने का अनुमान है।
काउंटरपॉइंट रिसर्च के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में भारत में एप्पल की आईफोन आपूर्ति सालाना आधार पर 24 प्रतिशत बढ़कर 1.4 करोड़ इकाई हो गई। भारतीय बाजार में कंपनी के राजस्व में आईफोन की सबसे बड़ी हिस्सेदारी है।
भाषा प्रेम
प्रेम रमण
रमण

Facebook


