भारत- अमेरिका करार में कृषि-डेयरी क्षेत्रों के हितों के साथ कोई समझौता नहीं: गोयल

Ads

भारत- अमेरिका करार में कृषि-डेयरी क्षेत्रों के हितों के साथ कोई समझौता नहीं: गोयल

  •  
  • Publish Date - February 3, 2026 / 06:39 PM IST,
    Updated On - February 3, 2026 / 06:39 PM IST

नयी दिल्ली, तीन फरवरी (भाषा) वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को कहा कि भारत ने अमेरिका के साथ एक अच्छे व्यापार करार पर सहमति बनी है और इसमें कृषि और दुग्ध क्षेत्रों के हितों के साथ कोई समझौता नहीं किया गया है।

गोयल ने अमेरिका के साथ हुए समझौते का विवरण दिए बिना कहा कि व्यापार समझौता अंतिम चरण में है और समझौते की रूपरेखा को स्पष्ट करते हुए जल्द ही भारत-अमेरिका का एक संयुक्त बयान जारी किया जाएगा।

उन्होंने कांग्रेस पार्टी और उसके सहयोगी दलों पर समझौते को लेकर देश को गुमराह करने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए उन पर निशाना साधा। उन्होंने विशेष रूप से, कांग्रेस नेता राहुल गांधी को आड़े हाथ लेते हुए हुए कहा कि उनकी सोच नकारात्मक है और वह भारत की प्रगति के विरोधी हैं।

गोयल ने कहा कि वह संसद में इस समझौते के बारे में बोलना चाहते थे, लेकिन कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के हंगामे के कारण ऐसा नहीं कर सके।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमेरिका के साथ बहुप्रतीक्षित व्यापार समझौता पूरा कर लिया है और देश उन्हें बधाई दे रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के व्यक्तिगत संबंधों के कारण भारत को अमेरिका के साथ एक अच्छा समझौता हासिल हुआ है।

गोयल ने कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता देश के गरीबों, मछुआरों, किसानों और युवाओं के लिए काफी अवसर खोलेगा।

वाणिज्य मंत्री ने कहा कि अमेरिका के साथ यह व्यापार समझौता भारत के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभ संकेत है।

गोयल ने कहा कि समझौते के तहत भारतीय वस्तुओं पर जवाबी शुल्क 50 प्रतिशत से घटकर 18 प्रतिशत हो जाएगा।

भाषा रमण अजय

अजय