औद्योगिक उत्पादन जुलाई में 6.7 प्रतिशत बढ़ा

औद्योगिक उत्पादन जुलाई में 6.7 प्रतिशत बढ़ा

औद्योगिक उत्पादन जुलाई में 6.7 प्रतिशत बढ़ा
Modified Date: August 28, 2026 / 05:08 pm IST
Published Date: August 28, 2026 5:08 pm IST

नयी दिल्ली, 28 अगस्त (भाषा) औद्योगिक उत्पादन वृद्धि जुलाई में घटकर 6.7 प्रतिशत रही। मुख्य रूप से खनन क्षेत्र में गिरावट के कारण औद्योगिक उत्पादन में कमी आई है।

इससे पिछले महीने जून में यह 8.8 प्रतिशत रही थी यह नई शृंखला के तहत चौथा मासिक औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) आंकड़ा है।

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) ने शुक्रवार को एक बयान में कहा, ”जुलाई 2026 में औद्योगिकी उत्पादन सूचकांक ने सालाना आधार पर 6.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की। इसमें विनिर्माण क्षेत्र की 7.3 प्रतिशत वृद्धि और बिजली तथा गैस आपूर्ति क्षेत्र की 8.7 प्रतिशत वृद्धि का योगदान रहा।”

आंकड़ों से पता चला कि खनन और उत्खनन क्षेत्र में जुलाई में 0.9 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि एक साल पहले इसमें 10.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। आईआईपी वृद्धि दर जुलाई 2025 में 5.4 प्रतिशत थी।

बयान में कहा गया कि जुलाई 2026 के लिए औद्योगिक वृद्धि दर सालाना आधार पर 8.8 प्रतिशत के मुकाबले 6.7 प्रतिशत रही। जून के लिए आईआईपी का संशोधित अनुमान 8.8 प्रतिशत है। यह पहले जारी 7.3 प्रतिशत के अस्थायी अनुमान से अधिक है।

जुलाई 2026 के लिए खनन और उत्खनन क्षेत्र की वृद्धि में 0.9 प्रतिशत की गिरावट आई। विनिर्माण, बिजली व गैस आपूर्ति तथा जल आपूर्ति, सीवरेज व अपशिष्ट प्रबंधन क्षेत्रों की वृद्धि दर क्रमशः 7.3 प्रतिशत, 8.7 प्रतिशत और 7.4 प्रतिशत रही।

विनिर्माण क्षेत्र के 23 उद्योग समूहों में 19 ने जुलाई 2026 में सकारात्मक सालाना वृद्धि दर्ज की है।

जुलाई 2026 के लिए शीर्ष तीन सकारात्मक योगदानकर्ता – मोटर वाहन, ट्रेलर और सेमी-ट्रेलर का विनिर्माण (22.2 प्रतिशत), विद्युत उपकरणों का विनिर्माण (28.3 प्रतिशत) और मशीनरी एवं उपकरणों का विनिर्माण (12.1 प्रतिशत) रहे।

उपयोग आधारित वर्गीकरण के अनुसार आलोच्य महीने में सालाना आधार पर प्राथमिक वस्तुओं में वृद्धि 4.1 प्रतिशत, पूंजीगत वस्तुओं में 16.1 प्रतिशत, मध्यवर्ती वस्तुओं में 10.0 प्रतिशत, बुनियादी ढांचा/निर्माण वस्तुओं में 6.9 प्रतिशत और उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुओं में 10.5 प्रतिशत रही। गैर-टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं में 1.0 प्रतिशत की गिरावट आई।

भाषा पाण्डेय रमण

रमण


लेखक के बारे में