अमेरिका में महंगाई तीन साल के उच्चतम स्तर पर, ट्रंप की टिप्पणी से बढ़ा सियासी विवाद

अमेरिका में महंगाई तीन साल के उच्चतम स्तर पर, ट्रंप की टिप्पणी से बढ़ा सियासी विवाद

अमेरिका में महंगाई तीन साल के उच्चतम स्तर पर, ट्रंप की टिप्पणी से बढ़ा सियासी विवाद
Modified Date: June 11, 2026 / 10:37 am IST
Published Date: June 11, 2026 10:37 am IST

वॉशिंगटन, 11 जून (एपी) अमेरिका में गैस की बढ़ती कीमतों ने मई में खुदरा महंगाई को तीन साल के उच्च स्तर पर पहुंचा दिया। इससे फेडरल रिजर्व की चिंता तथा मध्यावधि चुनाव से पहले अमेरिकी प्रशासन के लिए संभावित राजनीतिक चुनौती उत्पन्न हो गई है।

श्रम विभाग ने बुधवार को बताया कि खुदरा महंगाई मई में सालाना आधार पर 4.2 प्रतिशत बढ़ी, जो अप्रैल के 3.8 प्रतिशत से अधिक है। इसमें लगातार तीसरे महीने वृद्धि हुई है।

मासिक आधार पर, पिछले महीने कीमतों में 0.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई जबकि अप्रैल में 0.6 प्रतिशत और मार्च में 0.9 प्रतिशत की बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई थी।

महंगाई अब फेडरल रिजर्व के दो प्रतिशत के लक्ष्य से काफी ऊपर है।

इस बीच, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि उन्होंने महंगाई को लेकर चिंता करना छोड़ दिया है और उसे ‘‘पसंद’’ करना सीख लिया है।

खुदरा महंगाई के 4.2 प्रतिशत बढ़ने संबंधी खबरों पर सवाल किए जाने पर राष्ट्रपति ने इस पर आश्चर्यजनक रूप से आशावादी रुख अपनाया।

ट्रंप ने पहले की तरह न इस बार इसे डेमोक्रेटिक पार्टी द्वारा शुरू किया गया ‘‘ छल’’ करार दिया और न ही यह दावा किया कि वे जीवन-यापन की लागत कम कर रहे हैं।

इसके बजाय, ट्रंप ने सरकार के उन आंकड़ों की सराहना की जिसमें महंगाई के अप्रैल 2023 के बाद के उच्च स्तर पर पहुंचने की बात कही गई है।

ट्रंप ने कहा, ‘‘ आप जानते हैं कि मुझे वास्तव में क्या पसंद है? मुझे महंगाई पसंद है।’’

यह एक अनपेक्षित टिप्पणी है क्योंकि नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले मतदाताओं ने अर्थव्यवस्था को अपनी प्रमुख चिंता बताया है और इस मुद्दे पर डोनाल्ड ट्रंप को कम अंक दिए हैं।

डेमोक्रेटिक पार्टी ने ट्रंप के इस बयान का वीडियो कुछ ही मिनट के भीतर सोशल मीडिया पर तेजी से प्रचारित करना शुरू भी कर दिया।

एपी निहारिका

निहारिका


लेखक के बारे में