ओडिशा में 360 करोड़ के निवेश से बडंबा सहकारी चीनी मिल का पुनरुद्धार करेगी आईपीएल

ओडिशा में 360 करोड़ के निवेश से बडंबा सहकारी चीनी मिल का पुनरुद्धार करेगी आईपीएल

ओडिशा में 360 करोड़ के निवेश से बडंबा सहकारी चीनी मिल का पुनरुद्धार करेगी आईपीएल
Modified Date: March 10, 2026 / 09:26 pm IST
Published Date: March 10, 2026 9:26 pm IST

नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) द्वारा ओडिशा में लंबे समय से बंद पड़ी एक सहकारी चीनी मिल को फिर से चालू करने लिए करीब 360 करोड़ रुपये का निवेश करने के संबंध में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

इस समझौता ज्ञापन पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में इंडियन पोटाश लिमिटेड के प्रबंध निदेशक, डॉ. पी. एस. गहलौत तथा ओडिशा सरकार के सहकारिता विभाग के आयुक्त-सह-सचिव, राजेश प्रभाकर पाटिल (आईएएस) ने छह मार्च, 2026 को हस्ताक्षर किए।

ओडिशा की बडंबा सहकारी चीनी मिल, जो पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से बंद पड़ी थी, अब पुनः शुरू होने जा रही है, जिससे क्षेत्र के हजारों किसानों में नई उम्मीद जगी है। इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) ने बडंबा चीनी मिल के आधुनिकीकरण और विस्तार के लिए लगभग ‘‘360 करोड़ के अनुमानित निवेश के साथ ओडिशा सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।’’

इस अवसर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, ओडिशा की उपमुख्यमंत्री प्रवती परिडा, ओडिशा के उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव तथा भुवनेश्वर से सांसद अपराजिता सारंगी भी उपस्थित रहीं।

समझौते के अनुसार, बडंबा सहकारी चीनी मिल द्वारा एक वर्ष के भीतर संचालन शुरू करने की उम्मीद है और इसकी क्षमता 3,500 टीसीडी (टन गन्ना प्रति दिन) होगी। इसके साथ ही इसमें 16 मेगावाट का सह-उत्पादक विद्युत संयंत्र, 10 टन प्रतिदिन क्षमता का बायो-सीएनजी संयंत्र तथा अत्याधुनिक शीत भंडारण सुविधा भी स्थापित की जाएगी।

समझौते के तहत ओडिशा सरकार, आईपीएल को मिल और उससे संबंधित अवसंरचना की स्थापना के लिए 112 एकड़ भूमि दीर्घकालिक पट्टे पर उपलब्ध कराएगी।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय


लेखक के बारे में