जयपुर मेट्रो के दूसरे चरण की परियोजना को मिली मंजूरी

Ads

जयपुर मेट्रो के दूसरे चरण की परियोजना को मिली मंजूरी

  •  
  • Publish Date - April 29, 2026 / 09:30 PM IST,
    Updated On - April 29, 2026 / 09:30 PM IST

जयपुर, 29 अप्रैल (भाषा) आवास और शहरी कार्य मंत्रालय ने बुधवार को 13,037.66 करोड़ रुपये की लागत वाले जयपुर मेट्रो के दूसरे चरण की परियोजना को औपचारिक मंजूरी दे दी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह मंजूरी आठ अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा परियोजना को स्वीकृति दिए जाने के लगभग 20 दिन बाद मिली है।

आधिकारिक बयान के अनुसार दूसरे चरण की परियोजना में प्रहलादपुरा से टोडी मोड़ तक 41 किलोमीटर लंबा उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर और 36 स्टेशन शामिल हैं। इसका उद्देश्य जयपुर में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करना है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पहले ही मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद अधिकारियों को परियोजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए थे।

अधिकारियों ने बताया कि पहले चरण (प्रहलादपुरा से पिंजरापोल गौशाला तक 12 किलोमीटर लंबे हिस्से ) के लिए कार्य आदेश जल्द ही जारी किए जाएंगे, जबकि शेष हिस्सों के लिए निविदाएं आने वाले दिनों में आमंत्रित की जाएंगी।

यह परियोजना राजस्थान मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा क्रियान्वित की जाएगी, जो केंद्र और राज्य सरकार का संयुक्त उपक्रम है।

अधिकारियों ने बताया कि मेट्रो रेल नीति, 2017 के तहत केंद्र सरकार परियोजना में 50 प्रतिशत समर्थन देगी, जिससे राज्य सरकार पर वित्तीय बोझ कम होगा।

परियोजना को 2031 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और इसके जरिए शहर में शहरी परिवहन व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।

भाषा बाकोलिया

रवि कांत रमण

रमण