जिंदल सुप्रीम के आईपीओ को पहले दिन मिला 7.53 गुना अभिदान
जिंदल सुप्रीम के आईपीओ को पहले दिन मिला 7.53 गुना अभिदान
नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) प्लास्टिक पाइपिंग समाधान और उससे जुड़े उत्पाद बनाने वाली कंपनी जिंदल सुप्रीम इंडिया लिमिटेड के आईपीओ (आरंभिक सार्वजनिक निर्गम) को बुधवार को बोली के पहले दिन 7.53 गुना अभिदान मिला।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, 125 करोड़ रुपये के इस आईपीओ में 93,99,600 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 7,07,73,346 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।
खुदरा हिस्से को 11.59 गुना अभिदान मिला। गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी को 6.74 गुना और पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के खंड को 1.02 गुना अभिदान मिला।
जिंदल सुप्रीम इंडिया लिमिटेड ने आईपीओ के लिए 88-93 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है।
इस आईपीओ में 1.07 करोड़ इक्विटी शेयरों का ताजा निर्गम शामिल है, जिसकी कीमत मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर लगभग 100 करोड़ रुपये है। इसके साथ ही, प्रवर्तक समूह की कंपनी वीवीजे एंटरप्राइज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 26.86 लाख शेयरों (लगभग 25 करोड़ रुपये मूल्य) की बिक्री पेशकश (ओएफएस) लाई गई है।
नए शेयरों की बिक्री से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कर्ज चुकाने और सामान्य कंपनी कामकाज के लिए किया जाएगा।
कंपनी के शेयर को 23 सितंबर को बीएसई और एनएसई दोनों पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


