के2 इन्फ्रा को तेलंगाना में 391 करोड़ रुपये की सड़क परियोजना का ठेका मिला

Ads

के2 इन्फ्रा को तेलंगाना में 391 करोड़ रुपये की सड़क परियोजना का ठेका मिला

  •  
  • Publish Date - June 22, 2026 / 03:08 PM IST,
    Updated On - June 22, 2026 / 03:08 PM IST

नयी दिल्ली, 22 जून (भाषा) इंजीनियरिंग और बुनियादी ढांचा क्षेत्र से जुड़ी कंपनी के2 इन्फ्रा लि. को तेलंगाना सरकार से लगभग 390.91 करोड़ रुपये की सड़क परियोजना का ठेका मिला है।

कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि तेलंगाना ग्रामीण सड़क विकास कार्यक्रम के तहत मिली परियोजना भोंगीर सर्किल में चुनिंदा पंचायती राज इंजीनियरिंग विभाग (पीआरईडी) की सड़कों के निर्माण, उन्नयन, मजबूती और रखरखाव के लिए है।

यह परियोजना हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल के तहत आवंटित की गयी है।

हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल मुख्य रूप से देश में सड़क और राजमार्ग जैसी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए उपयोग किया जाने वाला एक सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल है। इसमें सरकार और निजी कंपनियां दोनों मिलकर लागत उठाते हैं, जिससे निजी कंपनियों पर वित्तीय बोझ कम होता है और निर्माण कार्य तेजी से पूरे होते हैं

बयान के अनुसार, परियोजना का मकसद भोंगीर सर्किल में ग्रामीण सड़क संपर्क को बेहतर बनाना और स्थानीय निवासियों, व्यवसायों, किसानों और जरूरी सेवाओं के लिए आवाजाही को सुगम बनाना है।

काम के दायरे में पंचायती राज इंजीनियरिंग विभाग के ढांचे के तहत चुनिंदा सड़क हिस्सों का विकास और रखरखाव शामिल है। परियोजना आवंटन की शर्तों के अनुसार इसे तय ढांचे के जरिये पूरा किया जाएगा, जिसमें एक विशेष उद्देश्यीय इकाई बनाना शामिल है।

कंपनी के प्रबंध निदेशक पंकज शर्मा ने कहा, ‘‘यह परियोजना के2 इन्फ्रा के लिए एक अहम पड़ाव है और यह जरूरी बुनियादी ढांचे के काम को पूरा करने की हमारी क्षमता पर लगातार भरोसे को दर्शाता है।…हम गुणवत्ता और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देने के साथ इस परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’

भाषा

रमण अजय

अजय

रमण