(LPG Connections Close/ Image Credit: AI-generated)
नई दिल्ली: LPG Connections Close: कुछ रिपोर्ट और सोशल मीडिया में यह दावा किया जा रहा है कि 30 जून 2026 के बाद इंडेन, भारत गैस और HP गैस के LPG कनेक्शन बंद कर दिए जाएंगे। इस खबर ने उपभोक्ताओं में चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, सरकार की ओर से ऐसी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है कि इस तारीख के बाद देशभर में LPG कनेक्शन बंद हो जाएंगे। फिलहाल यह दावा पूरी तरह सही नहीं माना जा रहा है।
केंद्र सरकार ने मार्च 2026 में एक नीति जारी की थी जिसका उद्देश्य जहां PNG गैस नेटवर्क उपलब्ध है हां उपभोक्ताओं को धीरे-धीरे PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) अपनाने के लिए प्रेरित करना है। इसके साथ ही ‘नो ड्यूल कनेक्शन पॉलिसी’ लागू की गई है। इसके तहत अगर किसी घर में PNG कनेक्शन सक्रिय हो जाता है तो वहां नया LPG कनेक्शन नहीं दिया जाएगा और कुछ मामलों में पुराने LPG कनेक्शन को बंद करने या सरेंडर करने की प्रक्रिया भी अपनाई जा सकती है।
मार्च 2026 के आदेश के अनुसार उपभोक्ताओं को PNG अपनाने के लिए लगभग 90 दिन का समय दिया गया था जो जून 2026 के अंत तक पूरा होता है। इसी वजह से 30 जून को लेकर अफवाहें फैल रही हैं। लेकिन पेट्रोलियम मंत्रालय ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस तारीख के बाद सभी LPG कनेक्शन बंद हो जाएंगे। इसका मतलब है कि 30 जून कोई अंतिम डेडलाइन नहीं है बल्कि यह सिर्फ नीति के चरणबद्ध लागू होने की अवधि का हिस्सा है।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक मार्च 2026 के बाद से अब तक 10.02 लाख से अधिक PNG कनेक्शन सक्रिय किए जा चुके हैं। इसके अलावा करीब 3.22 लाख नए कनेक्शनों के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है। लगभग 9.94 लाख उपभोक्ताओं ने नए PNG कनेक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है और करीब 1 लाख परिवारों ने LPG से PNG में बदलाव भी कर लिया है।
सरकार का मानना है कि PNG एक सुरक्षित और सुविधाजनक विकल्प है जिसमें गैस की सप्लाई लगातार मिलती रहती है और सिलेंडर बुकिंग की जरूरत नहीं होती। यह पर्यावरण के लिए भी बेहतर माना जाता है क्योंकि इसमें प्रदूषण कम होता है। इसके अलावा इसमें डिलीवरी और ट्रांसपोर्ट का खर्च भी कम आता है। जिससे सिस्टम ज्यादा प्रभावी बनता है।
HPCL और इंडियन ऑयल जैसी कंपनियों ने भी PNG को बेहतर और क्लीन एनर्जी विकल्प बताया है। उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें। अगर आपके इलाके में PNG सुविधा उपलब्ध है तो गैस वितरक से संपर्क करके जानकारी लें। फिलहाल LPG सिलेंडर की सप्लाई जारी है और इसे बंद करने का कोई तत्काल आदेश नहीं है।