कनोहर इलेक्ट्रिकल्स के आईपीओ को 90 गुना, ग्लास वॉल सिस्टम्स को 81 गुना अभिदान मिला

Ads

कनोहर इलेक्ट्रिकल्स के आईपीओ को 90 गुना, ग्लास वॉल सिस्टम्स को 81 गुना अभिदान मिला

  •  
  • Publish Date - September 10, 2026 / 08:09 PM IST,
    Updated On - September 10, 2026 / 08:09 PM IST

नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) प्राथमिक बाजार में बृहस्पतिवार को भी रौनक बनी रही। यहां रेंटोमोजो, वीगालैंड डेवलपर्स, एलसीसी प्रोजेक्ट्स और मणिपाल पेमेंट एंड आइडेंटिटी सॉल्यूशंस समेत कुल 10 कंपनियों के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए बोलियां लगाई गई।

वीगालैंड डेवलपर्स का आईपीओ बृहस्पतिवार को खुला, जबकि एलसीसी प्रोजेक्ट्स, करमतारा इंजीनियरिंग, एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी (इंडिया) लिमिटेड (आर्सिल), स्टीमहाउस इंडिया, मणिपाल पेमेंट एंड आइडेंटिटी सॉल्यूशंस और रेंटोमोजो के आईपीओ की बोली का यह दूसरा दिन था। इन छह कंपनियों के तीन दिन के आईपीओ शुक्रवार को बंद होंगे।

वहीं, प्रसोल केमिकल्स, ग्लास वॉल सिस्टम्स (इंडिया) और कनोहर इलेक्ट्रिकल्स के आईपीओ के लिए बृहस्पतिवार को बोली का अंतिम दिन था। आखिरी दिन कनोहर इलेक्ट्रिकल्स के आईपीओ को 90.59 गुना और ग्लास वॉल सिस्टम्स के आईपीओ को 81.65 गुना अभिदान मिला।

रियल एस्टेट कंपनी वीगालैंड डेवलपर्स लिमिटेड के आईपीओ को बोली के पहले दिन 62 प्रतिशत अभिदान मिला। कंपनी ने आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 130-140 रुपये प्रति शेयर तय किया है। यह निर्गम अगले सप्ताह मंगलवार को बंद होगा। इसमें 1.50 करोड़ तक नए शेयर जारी किए जाएंगे, जिनकी कुल कीमत 210 करोड़ रुपये है। इसमें बिक्री पेशकश (ओएफएस) का कोई हिस्सा नहीं है।

एलसीसी प्रोजेक्ट्स के आईपीओ को बोली के दूसरे दिन 3.84 गुना अभिदान मिला। इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण (ईपीसी) कंपनी ने 427 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 139-146 रुपये प्रति शेयर तय किया है।

करमतारा इंजीनियरिंग के 875 करोड़ रुपये के आईपीओ को बोली के दूसरे दिन 3.61 गुना अभिदान मिला। इसमें 675 करोड़ रुपये के नए शेयर और 200 करोड़ रुपये तक की बिक्री पेशकश शामिल है। कंपनी ने मूल्य दायरा 241-254 रुपये प्रति शेयर तय किया है।

एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी (इंडिया) लिमिटेड (आर्सिल) के आईपीओ को बोली के दूसरे दिन 87 प्रतिशत अभिदान मिला। एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, कंपनी को आईपीओ के तहत पेश 3.7 करोड़ शेयर के मुकाबले 3.20 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। यह आईपीओ 733 करोड़ रुपये का है और इसके लिए मूल्य दायरा 132-139 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। यह पूरी तरह बिक्री पेशकश (ओएफएस) है और इसमें कंपनी को कोई राशि नहीं मिलेगी।

औद्योगिक गैस उत्पादक कंपनी स्टीमहाउस इंडिया के आईपीओ को दूसरे दिन 2.21 गुना अभिदान मिला। कंपनी के 414 करोड़ रुपये के आईपीओ के तहत 353 करोड़ रुपये के नए शेयर और 61 करोड़ रुपये तक की बिक्री पेशकश शामिल है। इसका मूल्य दायरा 77-81 रुपये प्रति शेयर है।

मणिपाल पेमेंट एंड आइडेंटिटी सॉल्यूशंस के आईपीओ को बोली के दूसरे दिन 31 प्रतिशत अभिदान मिला। कंपनी ने 805 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 322-339 रुपये प्रति शेयर तय किया है।

ऑनलाइन फर्नीचर और उपकरण किराये पर देने वाली कंपनी रेंटोमोजो के 1,256 करोड़ रुपये के आईपीओ को 4.70 गुना अभिदान मिला। कंपनी को 2.17 करोड़ शेयरों की पेशकश के मुकाबले 10.24 करोड़ शेयर के लिए बोलियां मिलीं। कंपनी ने आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 384-404 रुपये का प्रति शेयर तय किया है।

प्रसोल केमिकल्स के 500 करोड़ रुपये के आईपीओ को बोली के अंतिम दिन 3.30 गुना अभिदान मिला। कंपनी को 54,43,229 शेयर की पेशकश के मुकाबले 1,79,62,648 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।

कंपनी ने आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 643-676 रुपये प्रति शेयर तय किया है।

ग्लास वॉल सिस्टम्स (इंडिया) के 428 करोड़ रुपये के आईपीओ को 81.65 गुना अभिदान मिला। कंपनी को 1,64,57,298 शेयर की पेशकश के मुकाबले 1,34,37,27,276 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। कंपनी ने मूल्य दायरा 172-182 रुपये प्रति शेयर तय किया है।

कनोहर इलेक्ट्रिकल्स के 1,056 करोड़ रुपये के आईपीओ को बोली के आखिरी दिन 90.59 गुना अभिदान मिला। एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, कंपनी को 1,16,93,326 शेयर की पेशकश के मुकाबले 1,05,92,88,437 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। कंपनी ने आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 601-632 रुपये प्रति शेयर तय किया है।

भाषा यासिर अजय

अजय