नयी दिल्ली, पांच मई (भाषा) कर्ज में डूबी कंपनी वोडाफोन आइडिया ने मंगलवार को घोषणा की कि आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला को कंपनी का नया गैर-कार्यकारी चेयरमैन नियुक्त किया गया है।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि वह रविंदर टक्कर का स्थान लेंगे। टक्कर ने पद से इस्तीफा दे दिया है, लेकिन अब वे गैर-कार्यकारी वाइस चेयरमैन के रूप में कुमार मंगलम बिड़ला को सहयोग देते रहेंगे।
वोडाफोन आइडिया ने कहा, ‘निदेशक मंडल ने गैर-कार्यकारी निदेशक कुमार मंगलम बिड़ला को पांच मई, 2026 से वोडाफोन आइडिया लिमिटेड के निदेशक मंडल का गैर-कार्यकारी चेयरमैन नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है।’
इसके साथ ही निदेशक मंडल ने रविंदर टक्कर को गैर-कार्यकारी वाइस चेयरमैन के रूप में नियुक्त करने को भी मंजूरी दी है, जो उसी तिथि से प्रभावी हो गया है।
कंपनी पर भारी कर्ज और समायोजित सकल राजस्व (एजीआर) बकाया को लेकर लंबे समय से वित्तीय दबाव बना हुआ है। वर्ष 2019 में उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद कंपनी पर करीब 53,000 करोड़ रुपये का एजीआर बकाया था, जो बाद में सरकार द्वारा पुनर्मूल्यांकन के बाद संशोधित किया गया।
विश्लेषकों के अनुसार, सरकार द्वारा दी गई राहत बाजार की अपेक्षाओं से कम रही है, जबकि कंपनी पर अभी भी स्पेक्ट्रम और एजीआर से जुड़ा भारी भुगतान दायित्व बना हुआ है।
कंपनी लगातार घाटे में चल रही है और नौ माह (दिसंबर 2025 तक) में इसका घाटा 17,418 करोड़ रुपये रहा है, जबकि इसका नेटवर्थ भी नकारात्मक स्तर पर बना हुआ है।
भाषा योगेश रमण
रमण