नयी दिल्ली, 18 अगस्त (भाषा) आभूषण खुदरा कारोबार से जुड़ी कंपनी ललिता ज्वेलरी मार्ट लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बोली के दूसरे दिन मंगलवार को 3.07 गुना अभिदान मिला।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, आईपीओ के तहत पेश 6,27,61,403 शेयरों के मुकाबले 19,25,66,944 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।
गैर-संस्थागत निवेशकों (एनआईआई) के लिए आरक्षित खंड को 6.46 गुना अभिदान मिला। खुदरा निवेशकों की श्रेणी को 2.78 गुना और पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के हिस्से को 1.02 गुना अभिदान मिला।
कंपनी ने शुक्रवार को एंकर निवेशकों से 508 करोड़ रुपये जुटाए थे। इनमें गोल्डमैन सैक्स, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड और बंधन म्यूचुअल फंड शामिल हैं।
ललिता ज्वेलरी मार्ट का आईपीओ 19 अगस्त को बंद होगा। इसके लिए मूल्य दायरा 190-201 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।
आईपीओ में 1,200 करोड़ रुपये तक के नए शेयरों का निर्गम और 500 करोड़ रुपये तक की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है। नए शेयरों से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल मुख्य रूप से नए स्टोर खोलने में किया जाएगा।
ललिता ज्वेलरी मार्ट ने 1985 में चेन्नई के टी नगर में अपना पहला स्टोर खोला था। कंपनी सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों की बिक्री करती है।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय