केरल सरकार जहाज ब्लॉक निर्माण परियोजना के लिए सीएसएल को जमीन पट्टे पर देगी: मुख्यमंत्री

Ads

केरल सरकार जहाज ब्लॉक निर्माण परियोजना के लिए सीएसएल को जमीन पट्टे पर देगी: मुख्यमंत्री

  •  
  • Publish Date - August 18, 2026 / 06:27 PM IST,
    Updated On - August 18, 2026 / 06:27 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 18 अगस्त (भाषा) केरल सरकार लगभग 5,000 करोड़ रुपये के निवेश वाली जहाज ब्लॉक निर्माण परियोजना के लिए कोच्चि में कोचीन शिपयार्ड को 18.16 एकड़ भूमि पट्टे पर देगी। राज्य के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि इस परियोजना से लगभग 2,000 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की उम्मीद है, साथ ही बड़ी संख्या में अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर तैयार होंगे।

उन्होंने कहा कि कोच्चि शहर के निकट एक द्वीप पर स्थित यह जमीन कोचीन शिपयार्ड से जुड़ी परियोजना के लिए पट्टे पर दी जाएगी।

सतीशन ने बताया कि सरकार को 1.45 करोड़ रुपये की वार्षिक पट्टा राशि मिलेगी। जीएसटी सहित पट्टे से वार्षिक राजस्व लगभग 1.70 करोड़ रुपये होगा।

उन्होंने कहा कि यह प्रस्ताव कुछ समय से लंबित था और कोचीन शिपयार्ड के साथ विचार-विमर्श के बाद इसे मंजूरी दे दी गई है।

इस फैसले को महत्वपूर्ण बताते हुए सतीशन ने कहा कि 5,000 करोड़ रुपये का यह निवेश बड़े पैमाने पर रोजगार लाएगा और कोच्चि में आगे के विकास के अवसरों को भी गति दे सकता है।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना से राज्य के जहाज निर्माण क्षेत्र को बढ़ावा मिलने और आगे अधिक निवेश आने की उम्मीद है।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय