हिंगोली (महाराष्ट्र), 18 अगस्त (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेता अभिजीत दीपके ने मंगलवार को कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता शेख अब्दुल हफीज सच्चे देशभक्त हैं।
ऐसा कहा जा रहा है कि हफीज की राजनीतिक संबद्धता के कारण पश्चिम बंगाल में उनके पिता की हत्या कर दी गई।
कॉजपा के ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत एक स्कूल का दौरा करने पहुंचे दीपके ने हिंगोली जिले के एक गांव में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा कि हफीज ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन में हिस्सा लिया था।
दीपके ने कहा, ‘‘इसके बाद वह पश्चिम बंगाल में अपने गांव गए। जैसे मैं यहां स्कूलों का दौरा कर रहा हूं, वैसे ही उन्होंने वहां एक स्कूल का दौरा किया। भाजपा के कुछ गुंडों ने उन्हें पीटने की कोशिश की। उनके पिता ने उन्हें बचाने की कोशिश की और उन्हें गंभीर चोटें आईं।’’
परिवार ने आरोप लगाया है कि शनिवार रात बर्दवान के एक अस्पताल में जान गंवाने वाले शेख मोहम्मद माफिक को अब्दुल हफीज के कॉजपा से जुड़े होने के कारण पीटा गया था।
हालांकि, पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ भाजपा ने इस घटना से किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार किया है।
दीपके ने कहा कि हफीज के साथ वीडियो कॉल पर बात करते हुए वह भावुक हो गए, लेकिन अब्दुल हफीज ने कहा कि उन्हें अपना संघर्ष जारी रखना चाहिए।
उन्होंने बताया कि हफीज ने उनसे कहा कि वह अपने इलाके के स्कूलों का दौरा करने और उनकी मरम्मत कराने का काम जारी रखेंगे।
दीपके ने कहा, ‘‘उन्होंने मुझसे एक स्कूल स्थापित करने और उस स्कूल का नाम अपने पिता के नाम पर रखने को कहा। वह मेरी नजर में सबसे बड़े देशभक्त हैं। वह इस देश के नायक हैं। हम पश्चिम बंगाल सरकार से अब्दुल के पिता के नाम पर एक मॉडल स्कूल स्थापित करवाएंगे।’’
कॉजपा नेताओं ने सोमवार को पश्चिम बंगाल सरकार को मामले में कथित रूप से शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार करने के लिए 10 दिन का समय दिया था और स्थानीय पुलिस की भूमिका की अदालत की निगरानी में जांच कराने की मांग की थी।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप